Rajasthan weather update : जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है, लेकिन मंगलवार को मौसम के दो रंग देखने को मिले। एक ओर पश्चिमी जिलों बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर और बीकानेर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री से अधिक रहा, वहीं पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूर्वी व उत्तरी जिले अलवर में मंगलवार शाम बारिश हुई। वहीं झुंझुनूं में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ ओले भी गिरे। धौलपुर में भी तेज अंधड़ से पारे में गिरावट रही।
मौसम का बदला मिजाज: चने के आकार के ओले गिरे
झुंझुनूं जिले में मंगलवार को मौसम का मिजाज बदला। जहां सुबह धूप का असर रहा, वहीं दोपहर बाद आसमान में बादल छाए। शाम को तेज सूंटे के साथ बारिश का शुरू हो गई। जिले के कई क्षेत्रों में बारिश के साथ चने के आकार के ओले भी गिरे। जिले के नांद, खेतड़ी क्षेत्र के बबाई व गाडराटा में चने के आकार के ओले गिरे। बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं तेज सूंटे से जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
अलवर में तेज हवा के साथ हुई बारिश
अलवर में दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया और तेज हवा के साथ बारिश हुई। सुबह तेज धूप थी और मौसम साफ था, लेकिन दोपहर बाद शहर और जिले में घने बादल छा गए। उसके बाद हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में भी गिरावट हुई है। मालाखेड़ा कस्बे सहित आसपास के गांवों में अपराह्न 3 बजे आई आंधी में बिजली निगम को भारी नुकसान हो गया। क्षेत्र के मिर्जापुर, खानपुर, बंदीपुरा, गुर्जरवास आदि जगहों पर बिजली के ट्रांसफार्मर और पोल टूट गए। बिजली निगम से मिली जानकारी के अनुसार तेज आंधी के कारण करीब 10 ट्रांसफार्मर एवं 20 पोल टूट गए। जिससे कई गांवों में बिजली सप्लाई बाधित हो गई।
शाम को आए अंधड़ से कई पेड़ गिरे, बिजली गुल
धौलपुर जिले के अधिकांश हिस्से में मंगलवार शाम अचानक मौसम बदल गया और तेज धूलभरी हवा से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। हल्की बारिश और अंधड़ के चलते बाड़ी कस्बा समेत कई स्थानों पर पेड़ धराशायी हो गए। कस्बे में एक पेड़ गाड़ी पर जा गिरा। गनीमत रही कि गाड़ी में उस वक्त कोई सवार नहीं था। पेड़ किनारे से कई स्थानों पर रास्ता अवरुद्ध हो गया। इधर, धौलपुर शहर में करीब आधा घंटे तेज धूलभरी हवा रही। शहर के बाहरी क्षेत्र में पेड़ गिरने की खबर है। साथ ही कुछ इलाकों में विद्युत तार को भी नुकसान पहुंचा है जिससे विद्युत गुल रही। बदले मौसम से गर्मी के तेवरों से कुछ राहत मिली। इससे पहले शहर में दिन का तापमान करीब 43 डिग्री दर्ज हुआ।