जयपुर। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राज्य के विभिन्न जिलों के लिए नाउकास्ट वेदर वार्निंग जारी की है। जारी अलर्ट के अनुसार कुछ जिलों में अगले तीन घंटों के दौरान मौसम में अचानक बदलाव की संभावना है। विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित किया है। ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ 40-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई गई है। वहीं येलो अलर्ट वाले जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, सुरक्षित स्थान पर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। किसानों और खुले क्षेत्रों में कार्य करने वालों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार भरतपुर व धौलपुर जिलों में ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां अगले तीन घंटे में तेज बारिश व साठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफतार से तेज हवा चलेगी। इसके अलावा बीकानेर, चूरू,सीकर, झुंझुनूं, कोटपूतली—बहरोड, अलवर, दौसा, टोंक, जयपुर, अजमेर, डीडवाना—कुचामन, नागौर, करौली, सवाईमाधोपुर में यलो अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच हीटवेव और ऊष्णरात्री का अलर्ट
जयपुर। मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर ने दैनिक मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए राज्य में भीषण गर्मी और हीटवेव को लेकर चेतावनी दी है। वर्तमान में दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। इस बार बाड़मेर में तापमान सर्वाधिक तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में अगले 5 से 7 दिनों तक हीटवेव और ऊष्णरात्री की प्रबल संभावना जताई गई है। दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में भी कहीं-कहीं हीटवेव का असर रह सकता है।
वहीं, आगामी 24 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र तथा जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर धूलभरी तेज हवाएं (20-30 किमी प्रति घंटा) चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने और सतर्क रहने की सलाह दी है।