HPV Vaccine: सिरोही में एचपीवी वैक्सीन अभियान की सुस्त चाल, लक्ष्य से काफी पीछे स्वास्थ्य विभाग

सिरोही। सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन इसकी प्रगति फिलहाल धीमी बनी हुई है। इस अभियान के तहत 14 और 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को निशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। यह टीका सुरक्षित होने के साथ भविष्य में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम में प्रभावी माना जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग को जिले में कुल 12734 बालिकाओं को टीका लगाने का लक्ष्य मिला है। इसके मुकाबले अब तक 5492 बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है, जबकि 7242 बालिकाएं अभी भी टीकाकरण से वंचित हैं। इस तरह अब तक केवल 43.13 प्रतिशत लक्ष्य ही पूरा हो पाया है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में अभियान में तेजी लाई जाएगी, ताकि हर पात्र बालिका तक इस वैक्सीन का लाभ पहुंचाया जा सके।

एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित

राजस्थान में यह राष्ट्रव्यापी अभियान 28 फरवरी को अजमेर से शुरू किया गया था। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसका कोई दुष्प्रभाव नहीं है। विशेषज्ञों का कहना है कि कम उम्र में लगाया गया यह टीका लंबे समय तक सुरक्षा प्रदान करता है। यह न केवल सर्वाइकल कैंसर से बचाव करता है, बल्कि अन्य एचपीवी जनित संक्रमणों के खतरे को भी कम करता है।

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष की बेटियों को नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर जरूर लेकर जाएं। विभाग का कहना है कि यह टीका बालिकाओं के सुरक्षित, स्वस्थ और बेहतर भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। साथ ही समय पर टीकाकरण करवाना गंभीर बीमारियों से बचाव में भी मददगार साबित होगा। अभियान का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र बालिका इस सुरक्षा कवच से वंचित नहीं रहे।

फैक्ट फाइल

ब्लॉकलक्ष्यलगाए गए टीकेआबूरोड27261614पिण्डवाड़ा32151111रेवदर27221554शिवगंज1687471सिरोही2384742कुल127345492

इनका कहना है

स्वास्थ्य विभाग को 12734 टीके लगाने का लक्ष्य मिला है। 10 मई तक 5492 बालिकाओं को टीका लगाया जा चुका है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए 40 टीमें लगी हुई हैं। बालिकाएं सीएचसी और पीएचसी पर आकर टीका लगवा सकती हैं।

डॉ. दिनेश खराड़ी, सीएमएचओ, सिरोही