चन्द्र प्रकाश जोशी
अजमेर (Ajmer news). प्रदेश में बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के नियमित टीकाकरण में अजमेर जिले ने 94.2 प्रतिशत लक्ष्य अर्जित करने के साथ में तीसरे नम्बर पर रहा है। वहीं जैसलमेर पहले व राजसमंद जिला द्सरे स्थान पर रहा है। उधर, हनुमानगढ़ नियमित टीकाकरण में सबसे ज्यादा पिछड़ा है।
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी के प्रयास
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य निदेशालय जयपुर की ओर से नियमित टीकाकरण में वर्षवार तुलनात्मक आंकड़ों के अनुसार अजमेर जिले ने नियमित टीकाकरण में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इसमें शिशु-बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के नियमित टीककारण में बेहतर कार्य करते हुए यह स्थान अर्जित किया है। वर्ष 2025-26 की ताजा रिपोर्ट के अनुसार लगातार सुधार हुआ है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के प्रयास के चलते लगातार टीकाकरण लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।
यह है टॉप पांच जिलों की स्थिति
जिला वार्षिक लक्ष्य अर्जित लक्ष्य प्रतिशत
जैसलमेर 25520 20446 94.95
राजसमंद 28268 26374 94.47
अजमेर 47344 40942 94.02
जयपुर प्रथम 75832 72178 93.61
उदयपुर 67446 59302 93.6
यह सबसे पिछड़े तीन जिले
जिला वार्षिक लक्ष्य अर्जित लक्ष्य प्रतिशत
हनुमानगढ़ 37632 23003 78.89
बूंदी 27443 26374 79.58
गंगानगर 40991 34803 82.52
यह है नियमित टीकाकरण में शामिल
मुख्य टीकों में बीसीजी , ओपीवी (पोलियो), पेंटावैलेंट (डिप्थीरिया, काली खांसी, टेटनस, हेपेटाइटिस बी, हिब), रोटावायरस, पीसीवी (निमोनिया), खसरा-रूबेला, एचपीवी आदि शामिल है।
नियमित टीकाकरण से यह लाभ
नियमित टीकाकरण बच्चों और वयस्कों को जानलेवा बीमारियों से बचाने का सबसे सुरक्षित और प्रभावी तरीका है। यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाकर गंभीर संक्रमणों को रोकता है।
आगामी लक्ष्य निर्धारित
अजमेर जिले में 1756 मासिक सत्रों का आयोजन होता है। इनमें आंगनबाड़ी केन्द्र, उप केन्द्र, पीएचसी, सीएचसी, जिला अस्पताल शामिल है। वहीं 182 हाई रिस्क एरिया, 98 माइग्रेट व अन्य शामिल है। सभी एचआरए क्षेत्र में एक्सक्लूसिवली सत्र आयोजित करने का आगामी लक्ष्य निर्धारित किया है।
डॉ. शिन्दे स्वाति, आरसीएचओ अजमेर