Rajasthan: गैस सिलेंडर रिसाव से दर्दनाक हादसा, एक ही चिता पर हुआ मां और दोनों बेटियों का अंतिम संस्कार

पाली। रायपुर मारवाड़ उपखंड क्षेत्र के ग्राम रेलड़ा के गांव काणेचा में घरेलू गैस सिलेंडर में रिसाव से हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। हादसे में मां सहित दो मासूम बेटियों की मौत के बाद रविवार रात्रि को तीनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। यह दृश्य देख हर आंख नम हो उठी।

जानकारी के अनुसार मनीषा (28) पत्नी दीपसिंह रावत रविवार दोपहर घर में चाय बनाने की तैयारी कर रही थी। उसने जैसे ही गैस चालू की, सिलेंडर में रिसाव होने से अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मनीषा और उसकी दो पुत्रियां नव्या (8) एवं पल्लवी (5) गंभीर रूप से झुलस गईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

क्षेत्र में छाया मातम

हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। देर रात जब मां और दोनों बेटियों की अर्थियां एक साथ उठीं तो हर व्यक्ति की आंखें छलक पड़ीं। गांव के लोगों ने नम आंखों से तीनों को अंतिम विदाई दी। श्मशान घाट पर मां और दोनों बेटियों का एक ही चिता पर दाह संस्कार किया गया। घटना की सूचना पर उपखंड अधिकारी सुमित्रा विश्नोई सहित पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा तथा घटनास्थल का जायजा लेकर उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी। पुलिस एवं प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।

गैस रिसाव से लगी थी आग

काणेचा रेलड़ा में रविवार दोपहर घरेलू गैस रिसाव से लगी भीषण आग में एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियों की दर्दनाक मौत हो गई थी। आग की लपटों ने पूरी रसोई को कुछ ही पल में अपने आगोश में ले लिया, जिससे मां और दोनों बेटियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला पाया थी।

पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे गांव में एक दुकान के साथ बनी रसोई में 26 साल की मनीषा चाय बनाने गई थी। उनके साथ ही छह साल की बेटी पल्लवी और तीन साल की नव्या भी रसोई में पहुंच गई। जैसे ही उसने गैस चालू की, सिलेंडर से हो रहे रिसाव के कारण अचानक आग भभक उठी। इसके बाद गैस सिलेंडर से प्रेशर से निकली गैस ने आग की लपटों को बढ़ा दिया। देखते ही देखते आग ने पूरी रसोई को अपनी चपेट में ले लिया।