Bikaner News: 58 लाख की स्मैक के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, 2 लग्जरी गाड़ियां जब्त, बॉर्डर पर अलर्ट

बीकानेर। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। नोखा और पांचू थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत स्मैक तस्करों के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई करते हुए हाल ही में करोड़ों के नशे का कारोबार उजागर किया है, वहीं दूसरी ओर भारत-पाक सीमा से जुड़े इलाकों में बढ़ती हेरोइन और हथियार तस्करी को देखते हुए पुलिस और बीएसएफ भी अलर्ट मोड पर आ गए हैं।

नोखा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 53 लाख रुपए कीमत की 265 ग्राम स्मैक बरामद कर पिता-पुत्र समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लाख 60 हजार रुपए नकद और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो लग्जरी गाड़ियां भी जब्त की हैं।

पुलिस द्वारा जब्त किया गया वाहन (फोटो-पत्रिका)

ये आरोपी पकड़े गए

कार्यवाहक थानाधिकारी तनुसुखराम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जोरावरपुरा क्षेत्र स्थित एक मकान में नशा तस्करी का कारोबार चल रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर नागौर की संजय कॉलोनी निवासी शिशुपाल, करणी कॉलोनी निवासी शेरसिंह, उड़सर निवासी मनोज खीचड़ और उसके पुत्र कृष्ण खीचड़ को गिरफ्तार किया। तलाशी में 265 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत करीब 53 लाख रुपए बताई जा रही है।

पांचू थाना पुलिस ने भी पकड़ा तस्कर

इधर, पांचू थाना पुलिस ने भी ऑपरेशन नीलकंठ के तहत कार्रवाई करते हुए 27 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। थानाधिकारी राजीव रॉयल ने बताया कि साधुना निवासी दीपाराम जाट को पकड़कर उसके कब्जे से स्मैक बरामद की गई। जिसकी कीमत 5 लाख से अधिक बताई जा रही है। आरोपी से पूछताछ कर पुलिस सप्लाई नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य तस्करों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस द्वारा जब्त किया गया वाहन (फोटो-पत्रिका)

एसपी ने बॉर्डर का किया दौरा

लगातार सामने आ रहे नशा तस्करी के मामलों और सीमा पार से हो रही हेरोइन सप्लाई को लेकर बीकानेर पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और सख्त कर दी है। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने शनिवार देर रात खाजूवाला सहित बॉर्डर क्षेत्र का दौरा कर बीएसएफ अधिकारियों के साथ विशेष बैठक की। बैठक में सीमा पार से हो रही हेरोइन और हथियार तस्करी पर विस्तार से चर्चा की गई।

14 किलो पकड़ी गई थी हेरोइन

एसपी कच्छावा ने जामसर, छतरगढ़, खाजूवाला, दंतौर और पूगल थानों का निरीक्षण कर अधिकारियों को कानून व्यवस्था मजबूत रखने और तस्करों पर कड़ी निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने हाल ही में पकड़ी गई 14 किलो हेरोइन मामले के आरोपी खेताराम से भी पूछताछ कर जांच की प्रगति जानी।

बॉर्डर एरिया में सख्ती के निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नफरी बढ़ाने और बंद पड़ी पुलिस चौकियों को फिर से शुरू करने की तैयारी चल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बॉर्डर इलाके में सक्रिय नशा तस्करों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार सख्ती से जारी रहेगा।