Rajasthan Cabinet Expansion: राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार का इंतजार जल्द होगा खत्म? 6 नए चेहरों को मिलेगा मौका

Bhajanlal Government: जयपुर। राजस्थान में भजनलाल सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार जल्द होने की संभावना है। माना जा रहा है कि 6 नए चेहरों को भजनलाल सरकार में मंत्री बनने का मौका मिल सकता है। बता दें कि जून के महीने में भजनलाल सरकार के कार्यकाल को ढाई साल पूरे होने वाले हैं। लेकिन, अभी तक एक बार भी मंत्रिमंडल विस्तार नहीं हुआ है। ऐसे में अब कयास लगाए जा रहे है कि राजस्थान में जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार का इंतजार खत्म हो सकता है।

वर्तमान में राजस्थान सरकार में 24 मंत्री हैं। लेकिन, 200 सदस्यों की राजस्थान विधानसभा में अधिकतम 15 प्रतिशत विधायक यानी 30 विधायक मंत्री बन सकते हैं। ऐसे में अभी 6 मंत्री पद रिक्त हैं। इन रिक्त पदों पर नए मंत्री बनाए जाने की संभावना है। साथ ही वर्तमान मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल किया जा सकता है।

नए चेहरों पर रहेगा पार्टी का फोकस

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन और संगठन महामंत्री बीएल संतोष मुलाकात की। इस दौरान सीएम भजनलाल ने पश्चिम बंगाल व असम की जीत पर बधाई दी। साथ ही दोनों नेताओं से राजस्थान में ​मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा की। दोनों नेताओं से अलग-अलग हुई ये मुलाकातें करीब आधे-आधे घंटे तक चली। पार्टी सभी जगह नए चेहरों को आगे बढ़ा रही है। ऐसे में राजस्थान में भी मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान नए चेहरों पर फोकस रहेगा। साथ ही कुछ अनुभवी चेहरों को भी एडजस्ट किया जा सकता है।

आखिर मंत्रिमंडल विस्तार में देरी क्यों?

दरअसल, पिछले साल छत्तीसगढ़ में ​मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सियासी गलियारों में चर्चा होने लगी थी कि राजस्थान में भी जल्द मंत्रिमंडल विस्तार होगा। लेकिन, आगामी पंचायत और नगर निकाय चुनाव के चलते मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं पर ब्रेक से लग गया था। क्योंकि कयास लगाए जा रहे थे कि अप्रेल तक पंचायत—निकाय चुनाव हो जाएंगे। लेकिन, अब माना जा रहा है कि दिसंबर तक ही राजस्थान में पंचायत—निकाय चुनाव हो पाएंगे। ऐसे में चर्चा है कि चुनाव से पहले राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार हो जाएगा।

एमपी, छत्तीसगढ़ में हो चुका मंत्रिमंडल विस्तार… राजस्थान में इंतजार

बता दें कि नवंबर 2023 में राजस्थान, छत्तीसगढ़, मिजोरम, मध्यप्रदेश और तेलंगाना में विधानसभा चुनाव हुए थे। चुनाव परिणाम के बाद राजस्थान सहित 3 राज्यों में बीजेपी ने सरकार बनाई थी। मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार 8 जुलाई 2024 को हुआ था। छत्तीसगढ़ में भी विष्णु देव साय सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार पिछले साल 20 अगस्त को हो चुका है। लेकिन, राजस्थान में अभी भी मंत्रिमंडल विस्तार का इंतजार है।