Massive Fire Broke Out In Kota: कोटा शहर के मोटर मार्केट में एक ऑटो पार्ट और ग्लास की तीन मंजिला दुकान में रविवार देर रात शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। रात करीब 11 बजे इमारत से धुआं उठता देख पड़ोसी राजेश गुप्ता ने तुरंत दुकान मालिक मलिक हंसराज को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही दमकल कंट्रोल रूम को सूचित किया गया, जिसके बाद अग्निशमन दस्ता 5 गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
फोटो: पत्रिका
दमकल कर्मियों ने युद्धस्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। रात करीब 12:30 बजे तक बिल्डिंग की पहली और दूसरी मंजिल पर लगी आग को बुझा लिया गया था, लेकिन तीसरी मंजिल पर आग का फैलाव जारी था।
इस पर नियंत्रण पाने के लिए लैडर लगाकर आग बुझाने का काम तेज किया गया। मौके पर बाद में 6 और दमकलें भेजी गईं जिससे कुल 11 दमकलें आग बुझाने के काम में जुटी रहीं। इसके अतिरिक्त, 30 फायर फाइटर भी घटनास्थल पर मौजूद रहकर आग पर काबू पाने की मशक्कत करते रहे। आग से दुकान में रखे लाखों के ऑटो पार्ट और ग्लास जलकर खाक होने का अनुमान है। कई घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया।
कुछ दिन पहले कोटा के मॉल में भी लगी थी भीषण आग
कुछ दिन पहले ही कोटा के झालावाड़ रोड स्थित सिटी मॉल में भी भीषण आग का मामला सामने आया था। ये आग भी शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी। जिस फ्लोर पर आग भड़की, वहां विद्युत पैनल और कई एयर कंडीशनर लगे हुए थे। आशंका जताई गई कि बिजली पैनल या एसी में हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने आग को विकराल रूप दिया। मॉल के शोरूम में रखे प्लास्टिक, फोम और कपड़े के खिलौनों ने आग को तेजी से फैलने में मदद की। वहीं परफ्यूम सेक्शन तक आग पहुंचते ही सैकड़ों शीशियों में मौजूद ज्वलनशील पदार्थ के कारण लपटें और विकराल हो गईं। कई दमकलों ने कड़ी मशक्क्त से आग पर काबू पाया था।
इस अग्निकांड में करीब 1.25 करोड़ रुपए का सामान जलकर राख हो गया, जबकि भवन के कांच, फॉल सीलिंग, वायरिंग, केबल और अन्य निर्माण कार्य को लगभग 2 करोड़ रुपए का नुकसान पहुंचा। मामले में विज्ञान नगर थाना पुलिस ने मॉल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज किया।