Jaipur Public Good News : जेडीए का अनोखा आइडिया, सड़क डिजायन में होगा बड़ा बदलाव, फुटओवर ब्रिज होंगे खत्म

Jaipur Public Good News : राजस्थान की राजधानी जयपुर की सड़कों को अब पैदल यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाया जाएगा। जेडीए हरे कृष्णा मार्ग (महल रोड) सहित चार प्रमुख मार्गों को पैदल यात्री फ्रेंडली बनाएगा। इसकी शुरुआत हरे कृष्णा मार्ग से होगी। जयपुर की जनता के लिए इसमें सबसे बड़ी राहत यह है कि लोगों को फुटओवर ब्रिज पर चढ़ने की जरूरत नहीं होगी। सड़क के डिजायन में ही बदलाव किया जाएगा। जहां से पैदल यात्रियों की सड़क पार करवाई जाएगी, वहां सड़क के हिस्से को ऊंचा किया जाएगा और स्लोप बनाकर सड़क के बराबर किया जाएगा। ताकि वाहन चालकों को कोई दिक्कत न हो।

साथ ही इस हिस्से से करीब 100 मीटर पहले वाहन चालक को अलर्ट किया जाएगा। इसके लिए ब्रेकर लगाए जाएंगे। जेडीए अधिकारियों की मानें तो यूटर्न के आस-पास ही राहगीरों के लिए सड़क पार करने का सिस्टम विकसित किया जाएगा। इससे उन्हें कम दूरी तय करनी पड़ेगी।

चार प्रमुख मार्गों पर प्रयोग : हरे कृष्णा मार्ग से जेडीए इसकी शुरुआत करेगा। इसके बाद सीकर रोड, न्यू सांगानेर रोड और वंदे मातरम रोड पर जेडीए काम शुरू करेगा।

ट्रैफिक लाइट हटेंगी, यू-टर्न संभालेगा रास्ता

इस मॉडल की सबसे खास बात यह है कि चौराहों से ट्रैफिक लाइट हटाई जाएंगी। वाहन चालकों को अब जंक्शन पर रुकना नहीं पड़ेगा। वे सीधे आगे निकलेंगे और जरूरत पड़ने पर आगे बने यू-टर्न का उपयोग कर वापस आ सकेंगे।

इससे जंक्शन पर भीड़ और जाम दोनों से मुक्ति मिलेगी। जेडीए की यह व्यवस्था अगर सफल हो गई तो जयपुर के पैदल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही दुर्घटना से भी बचाव होगा।

जयपुर में बताया गया सड़क सुरक्षा का महत्व

वहीं दूसरी तरफ जयपुर में रोड सेफ्टी लाइन की ओर से सीतापुरा में सड़क सुरक्षा कार्यक्रम के तहत जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसमें सड़क सुरक्षा से जुड़े विषय विशेषज्ञों ने न केवल सड़क सुरक्षा का महत्व बताया, बल्कि सीपीआर जैसी जीवन रक्षक तकनीक की जानकारी भी प्रदान की।

मुख्य अतिथि नोडल अधिकारी यातायात आयुक्त, एलएन पांडे रहे। संस्था सचिव प्रताप भाटिया ने बताया कि सडक़ सुरक्षा जागरूकता के तहत शिक्षण संस्थानों में चर्चा करना बेहद जरूरी है। नियमों की पालना करने से जीवन बच सकता है। प्रश्न उत्तर सत्र में सही जवाब देने वाल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।