Jaipur News : मुहाना मंडी में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, फंगस लगे सेब-अनार सहित 10 हजार किलो सड़े फल मिले, जानते हैं किस काम आने वाले थे?  

भीषण गर्मी के बीच आपकी सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। जयपुर की सबसे बड़ी मुहाना मंडी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी छापेमारी करते हुए करीब 10,000 किलो (10 टन) जहरीले हो चुके फल और एक्सपायरी खजूर को नष्ट करवाया है। आयुक्त डॉक्टर टी शुभमंगला के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई ने राजधानी के फल बाजार में हड़कंप मचा दिया है।

कोल्ड स्टोरेज में 100 क्विंटल सड़ांध!

शुक्रवार सुबह जब फूड सेफ्टी टीम मुहाना मंडी स्थित ‘मैसर्स अरावली ट्रेड विजन’ कोल्ड स्टोरेज पहुँची, तो वहां का नजारा देख अधिकारियों के भी रोंगटे खड़े हो गए। कोल्ड स्टोरेज के भीतर करीब 8500 किलो सड़े-गले, बदबूदार और फंगस लगे हुए सेब, अंगूर, अनार और संतरे मिले।

एक्सपायरी खजूर: इसके साथ ही 1500 किलो ऐसे खजूर पाए गए जिनकी एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी और जो मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक थे।

“शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई

मुहाना मंडी में 10 हजार किलो सड़े-गले फल एवं एक्सपायरी खजूर नष्ट कराएhttps://t.co/iXzyCfdqQz pic.twitter.com/CvYvobBIWp

— सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, राजस्थान सरकार (@DIPRRajasthan) May 8, 2026

सड़े फलों को ‘धोकर’ बेचने की थी तैयारी

टीम ने जब मौके पर व्यापारियों को बुलाया और उनसे पूछताछ की, तो बेहद चौंकाने वाला सच सामने आया।

खौफनाक कबूलनामा: कुछ व्यापारियों ने मौके पर पहुँचकर स्वीकार किया कि वे इन सड़े-गले फलों में से छंटनी करते हैं, उन्हें साफ करके और धोकर फुटकर व्यापारियों को ‘औने-पौने’ दामों में बेच देते हैं।

बाजार में सप्लाई: यही फल बाद में शहर के अलग-अलग कोनों में ठेलों और छोटी दुकानों पर ‘सस्ते फलों’ के नाम पर आपके और हमारे घरों तक पहुँचने वाले थे।

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल एवं चिकित्सा मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में, प्रदेश में मिलावट के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मुहाना मंडी स्थित, कोल्ड स्टोरेज मैसर्स अरावली ट्रेड विजन पर कार्रवाई करते हुए… pic.twitter.com/t1Bit8Y81s

— Government of Rajasthan (@RajGovOfficial) May 9, 2026

डंपिंग यार्ड में ‘ऑपरेशन क्लीन’

CMHO जयपुर द्वितीय डॉक्टर मनीष मित्तल और अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के नेतृत्व में केंद्रीय दल और संयुक्त टीम ने तुरंत एक्शन लिया। टीम ने पाया कि ये फल पूरी तरह दूषित हैं और इन्हें किसी भी हाल में खाने लायक नहीं बनाया जा सकता।

जनहित को ध्यान में रखते हुए 10,000 किलो फलों को तुरंत मंडी के डंपिंग यार्ड में ले जाकर नष्ट करवाया गया। संबंधित व्यापारियों को नोटिस जारी किए गए हैं और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSS Act) के तहत उन पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इथाईलीन से फल पकाने पर निगरानी और ट्रेनिंग

कार्रवाई के दौरान टीम ने आम के गोदामों का भी निरीक्षण किया। यहाँ राहत की बात यह रही कि आम पकाने के लिए ‘अप्रूव्ड इथाईलीन’ का उपयोग हो रहा था। टीम ने व्यापार संघ के साथ बैठक कर उन्हें इथाईलीन के सही इस्तेमाल की तकनीक समझाई और पाबंद किया कि भविष्य में सड़े फलों की बिक्री न हो।

टीम में शामिल रहे 11 अधिकारी

इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद शर्मा, देवेंद्र राणावत, अमित शर्मा, लोकेश शर्मा, सुशील चोटवानी, विनोद थारवान, रमेश यादव, नंद किशोर कुमावत, अवधेश गुप्ता, नरेश चेजारा एवं विशाल मित्तल शामिल रहे।