MD Drugs: राजस्थान में एमडी ड्रग्स नेटवर्क पर बड़ा वार, 100 किलो से ज्यादा प्रतिबंधित रसायन जब्त, 5 गिरफ्तार

जोधपुर। एमडी ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले प्रतिबंधित रसायनों की बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद जोधपुर पुलिस ने पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 100 किलो से अधिक केमिकल और एसिड बरामद किए गए हैं, जिन्हें जोधपुर से बाड़मेर सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।

यह वीडियो भी देखें

ड्रम फटने का था खतरा

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कार गाड़ी की डिक्की में एसीटोन, टोल्यूनि, ब्रोमो-2 और हाइड्रोक्लोरिक एसिड से भरे ड्रम छिपा रखे थे। तेज गर्मी और धूप के चलते इन रसायनों से आग लगने या ड्रम फटने का खतरा भी बना हुआ था। गिरफ्तार आरोपियों में जालोर के मोखातरा निवासी ओमप्रकाश विश्नोई, अनिल विश्नोई, पूनासा निवासी कुलदीप विश्नोई, बाड़मेर के फागलिया निवासी रामनिवास विश्नोई तथा जालोर के कोटड़ा निवासी संदीप कुमार विश्नोई शामिल हैं। सभी को झालामंड क्षेत्र स्थित एक मकान से पकड़ा गया।

थानाधिकारी को सौंपी जांच

मामले की जांच झंवर थानाधिकारी प्रहलाद सिंह को सौंपी गई है। पुलिस टीम में एएसआई तनसुख तथा कॉन्स्टेबल अशोक और अमराराम शामिल थे। टीम को रामदेव विहार इलाके में एक मकान के बाहर फॉर्च्यूनर और बिना नंबर की कार खड़ी दिखाई दी, जिसके बाद पुलिस ने मकान में दबिश दी। पूछताछ के दौरान आरोपी घबरा गए और गलत नाम-पते बताने लगे। जब पुलिस ने पहचान पत्र मांगे तो उनके पास कोई दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद पांचों संदिग्धों को गाड़ियों सहित थाने लाया गया।

गाड़ियां बदलकर पहुंचे जोधपुर

पूछताछ में आरोपी ओमप्रकाश ने स्वीकार किया कि फॉर्च्यूनर उसकी है और उसमें संदिग्ध रसायन भरे हुए हैं। जांच में सामने आया कि ओमप्रकाश और कुलदीप अपनी स्कोडा कार से पाली जिले के बर इलाके पहुंचे थे, जहां उन्हें रसायनों से भरी फॉर्च्यूनर सौंपी गई थी। पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने रास्ते में गाड़ियां बदलीं और फिर जोधपुर पहुंचे।

पहले एएनटीफ ने की बड़ी कार्रवाई

इससे पहले भी एएनटीएफ ने एमडी ड्रग्स बनाने में उपयोग होने वाले ब्रोमो केमिकल की बड़ी खेप जब्त की थी। उस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। जांच में सामने आया था कि आरोपी तेलंगाना के हैदराबाद से करीब 1500 किलोमीटर का सफर तय कर राजस्थान पहुंचे थे। यह केमिकल सांचौर होते हुए रामजी का गोल क्षेत्र तक पहुंचाया गया था। खेप को गुडामालाणी इलाके में एमडी ड्रग्स तैयार करने के लिए लाया जा रहा था।

पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि टीम ने गुडामालाणी के निकट रामजी का गोल कस्बे के पास एक टैंकर में छिपाकर रखे गए छह ड्रमों से करीब 234 किलो प्रतिबंधित रसायन 2-ब्रोमो बरामद किया था। इस मामले में बाड़मेर के रोहिल्ला पश्चिम निवासी दिनेश विश्नोई और बालोतरा जिले के मीठड़ा खुर्द निवासी कमलेश विश्नोई को गिरफ्तार किया गया था।