Rajasthan Secretariat: राजस्थान सचिवालय में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, मची अफरा-तफरी

जयपुर। राजस्थान सचिवालय स्थित सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) के न्यूज सेक्शन में शनिवार दोपहर अचानक आग लगने से सचिवालय परिसर में हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली के बोर्ड में लगी, जिसके बाद देखते ही देखते धुआं पूरे सेक्शन में फैलने लगा। घटना के बाद कर्मचारियों और अधिकारियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह वीडियो भी देखें

बड़ा हादसा होने से टला

सूचना मिलते ही सचिवालय के सुरक्षा कर्मी सक्रिय हो गए और तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। कुछ ही देर में दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और न ही किसी बड़े नुकसान की सूचना सामने आई है।

मौके पर पहुंचे अधिकारी

घटना के दौरान सचिवालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। डीआईपीआर विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। आग लगने के बाद न्यूज सेक्शन में रखे कंप्यूटर, दस्तावेज और अन्य उपकरणों की जांच की जा रही है, ताकि संभावित नुकसान का आकलन किया जा सके।

फिलहाल संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है। साथ ही सचिवालय की विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की भी समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक स्तर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

पहले भी लग चुकी है आग

गौरतलब है कि पिछले साल जून महीने में भी राजस्थान सचिवालय के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (DIPR) के कार्यालय में आग लग गई थी। आग लगने से हड़कंप मच गया, लेकिन समय रहते सचिवालय में तैनात फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया था। सुरक्षा अधिकारी ने बताया था कि आग एक ही कमरे तक सीमित रही और अन्य कार्यालयों तक नहीं फैल पाई, जिससे बड़ा नुकसान होते-होते टल गया। आग का कारण शॉर्ट-सर्किट माना गया था। आग से कुछ जरूरी फाइलें और फर्नीचर जल गया था।