कोटा में तीन मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिरा, बाल-बाल बचे लोग: मलबे में दबी बाइक-ठेले

Kota Building Collapse : कोटा। शहर के गुमानपुरा थाना क्षेत्र स्थित बल्लभबाड़ी के घोसी मोहल्ला में मंगलवार शाम बड़ा हादसा हो गया, जहां एक तीन मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई।

बताया जा रहा है कि शाम करीब साढ़े 4 बजे मकान में रिपेयरिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक पूरी इमारत ढह गई। मकान गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

डीएसपी योगेश शर्मा ने बताया कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, फिर भी एहतियातन मलबे में दबे किसी व्यक्ति की आशंका को देखते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। मकान गिरने से गली में खड़ी दो बाइक और तीन ठेले मलबे में दब गए। साथ ही मकान के अंदर रखा सामान भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना पर सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम भी मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा मलबा हटाने का कार्य जारी है। हादसे के बाद आसपास के मकानों में रहने वाले लोग दहशत में हैं।