बांसवाड़ा में बड़ा हादसा; अनास नदी में नाव पलटी, मामा-भांजे डूबे, 9 तैरकर निकले सुरक्षित

Banswara Boat Accident : बांसवाड़ा। अनास नदी में होकर सोमेश्वर महादेव आ रहे दस लोगों की नाव मंगलवार दोपहर अचानक से पलट गई। नाव पलटने से पानी में गिरे नौ लोग तैरकर बाहर आ गए, लेकिन दो लोगों का पता नहीं चला। पानी में डूबे दो लोग मामा-भांजे बताए जा रहे हैं। फिलहाल सिविल डिफेंस की टीम और स्थानीय तैराक डूबे लोगों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हैं।

अरथूना थानाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि मंगलवार को भानो का पाड़ा अरथूना के रहने वाले दस लोग सड़क मार्ग से आनंदपुरी के वंडा डोकोर गांव में गए थे और नदी के मार्ग से नाव में सवार होकर लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार नाव में नाविक सहित 11 लोग सवार थे। अचानक संतुलन खराब होने से नाव नदी के बीच पलट गई। इनमें से नौ लोग तो तैरकर बाहर आ गए, लेकिन दो लोग डूब गए।

इनमें 22 वर्षीय जयेश पुत्र कचरा निवासी भानो का पाड़ा और इनका भांजा आठ वर्षीय मानव पुत्र नाथू तीरगर निवासी चंदू जी का गडा मोटागांव बताया जा रहा है। फिलहाल मौके पर एसडीएम सहित पुलिस उपाधीक्षक बाबूलाल रैगर एवं थानाधिकारी विनोद कुमार मौजूद हैं। यहां अभी सिविल डिफेंस की टीम एवं स्थानीय तैराक अरुण रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हैं एवं एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है।