Rajasthan: फिल्मी अंदाज में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 करोड़ के अवैध मादक पदार्थ के साथ पकड़े पंजाब के 2 तस्कर

Punjab Smuggler Arrested From Rajasthan: श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर क्षेत्र में नेशनल हाईवे 911 पर समेजा पुलिस ने सोमवार को फिल्मी अंदाज में कार्रवाई करते हुए संदिग्ध कार सवार दो तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ हेरोइन, अफीम व हथियार बरामद किए गए। बरामद की गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब पांच करोड़ रुपए बताई गई है। दोनों आरोपी फाजिल्का (पंजाब) के निवासी हैं ।

एडिशनल एसपी रघुवीर शर्मा ने बताया कि सूचना मिली थी कि पंजाब से दो युवक कार में सवार होकर समेजा कोठी थाना क्षेत्र में तस्करी का सामान लेने आए हुए हैं। इस पर सलेमपुरा-बाजूवाला रोड़ पर नाकेबंदी की गई तो वहां एएसआई विनोद कुमार की बोलेरो गाड़ी को टक्कर मारते हुए तस्करों की यह कार समेजा कस्बे की ओर से गई तो थानाधिकारी कृष्ण कुमार ने उसी समय समेजा कस्बे की रोड पर ट्रैक्टर ट्रॉली और जेसीबी को आड़ा-तिरछा लगाते हुए नाकाबंदी करवाई।

इस दौरान तस्करों की इस कार ने नाकेबंदी को तोडकर भागने का प्रयास किया तो वहां पुलिस दल ने इन दो तस्करों को खेतों में पकड़ लिया। कार में से इन दोनों तस्करों के बैग में से 1.93 ग्राम हेरोइन, 990 ग्राम अफीम, पांच पिस्टल मय मैगजीन, 74 कारतूस बरामद हुए। आरोपियों की पहचान कुलविन्द्र सिंह पुत्र करनेल सिंह व रोबिन सिंह पुत्र बलकार सिंह निवासी फाजिल्का के रूप में हुई। कार्रवाई में कांस्टेबल कालूराम बेनीवाल व सूरजभान कड़वा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दो देसी पिस्तौल के साथ दो आरोपी पकड़े

सूरतगढ़ सिटी और सदर पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में दो देसी पिस्तौल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं। सिटी पुलिस के अनुसार एएसआई मोहनलाल ने चिकित्सालय के पास वार्ड 37 निवासी सुनील कुमार को देसी कट्टे सहित पकड़ा। वहीं, सदर थाना पुलिस की कार्रवाई में एएसआई इन्द्राज पूनिया ने गश्त के दौरान सात एसजीएम रोही में एक युवक को रोककर तलाशी ली। उसके कब्जे से देसी पिस्तौल बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान 5 एमएनडब्यू फरीदसर निवासी सुखराम (22) पुत्र जुम्माराम के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आम्र्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।