Ajmeri Gate Jaipur: राजधानी जयपुर का ऐतिहासिक अजमेरी गेट एक अबूझ पहेली बन गया है। गत एक सप्ताह में यह दूसरी रात बंद मिला। जब किसी को इसका कारण नहीं पता चला तो आसपास के लोग अलग-अलग कयास लगाने लगे हैं।
बता दें कि दिनभर शहर में इसकी चर्चा रही। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात गेट दूसरी बार गेट रहस्यमयी तरीके से बंद किया गया। सुबह लोग पहुंचे तो जानकारी मिली।
इस दौरान आवाजाही छोटे गेट से होती रही, ट्रैफिक बढ़ने पर करीब 10 बजे गेट खोला गया। लेकिन तब तक सवाल खड़े हो चुके थे। हैरानी की बात यह है कि गेट बंद करने का कोई आदेश न तो पुलिस ने दिया और न ही किसी अन्य विभाग ने। कोतवाली थाना पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी भी नहीं है। गत 27 अप्रैल की रात भी अजमेरी गेट बंद हुआ था।
सवाल जो चर्चा बने
गेट बंद कौन कर रहा है?
बिना आदेश ऐसा कैसे संभव है?
सीसीटीवी फुटेज अब तक क्यों नहीं देखी गई?
क्या आंधी से बंद हुआ गेट?
हमने 27 अप्रैल और 1 मई की सीसीटीवी को देखा है। कोई दरवाजा बंद करता नजर नहीं आया। संभवतः तेज अंधड़ से दरवाजा बंद हो गया हो। मामले की और जांच कर रहे हैं।
-राजेश गौतम, कोतवाली थानाधिकारी
कलेक्टर और कमिश्नर को गेट बंद होने की जानकारी नहीं
प्रशासनिक अधिकारियों को ऐतिहासिक गेट बंद होने की कोई जानकारी नहीं है। कलेक्टर संदेश नायक ने अनभिज्ञता जताते हुए नगर निगम कमिश्नर से इस मामले में रिपोर्ट मांगी है। वहीं, निगम कमिश्नर ओम केसरा ने कहा कि दरवाजा कैसे बंद हुआ, इसकी पूरी जांच कराई जा रही है।
अतिरिक्त कमिश्नर नरेंद्र बंसल ने पहले फोन पर गेट बंद होने की जानकारी न होने की बात कही, लेकिन बाद में बयान बदलते हुए कहा कि संभवतः रात में आए आंधी-तूफान के कारण यह गेट बंद हो गया था। फिलहाल, मामले की असल वजह जानने के लिए जांच जारी है।