चित्तौड़गढ़। जिले के भदेसर थाना क्षेत्र के भीलगट्टी इलाके के एक कुएं में गत दिनों मिले क्षत-विक्षत शव के मामले में भदेसर थाना पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। वारदात का कारण शराब के नशे में मोबाइल छिपाने को लेकर हुआ मामूली विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने एक वायरल वीडियो के आधार पर कड़ियां जोड़ते हुए इस अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाई।
यह वीडियो भी देखें
साढ़े तीन माह पुराना है मामला
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 28 अप्रेल को भदेसर के भीलगट्टी के बीहड़ में एक कुएं में शव होने की सूचना मिली थी। सिविल डिफेंस की मदद से शव बाहर निकाला गया, जो पूरी तरह गल चुका था। जांच में सामने आया कि लढ़ेर निवासी पप्पू भील (25) पिछले 2-3 महीनों से लापता था। मृतक के माता-पिता का देहांत हो चुका था और उसकी पत्नी पीहर में रह रही थी, जिसके चलते किसी ने उसकी गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई थी। पुलिस के अनुसार, 27 अप्रेल को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक पप्पू भील की हत्या कर शव कुएं में फेंकने की बात कबूल कर रहा था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के काका माधु भील की रिपोर्ट पर हत्या और साक्ष्य मिटाने का मामला दर्ज किया। एएसपी सरिता सिंह और डीएसपी विनोद कुमार के निर्देशन में थानाधिकारी विनोद मेनारिया की टीम ने दबिश देकर तीन आरोपियों चांदमल उर्फ चांदू भील (20) निवासी आंतरी, कान्हा उर्फ किशन भील (22) निवासी भीलगट्टी और दिनेश रावल (30) निवासी भीलगट्टी को गिरफ्तार किया। पुलिस मामले में नामजद एक अन्य फरार आरोपी की तलाश कर रही है। मृतक की शिनाख्त पुख्ता करने के लिए डीएनए सैंपल भी सुरक्षित किए गए हैं।
डंडे से वार कर घोंटा गला
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब साढ़े तीन महीने पहले वे सभी भीलगट्टी के पास शराब पी रहे थे। नशे की हालत में पप्पू भील ने आरोपी दिनेश भोई का मोबाइल छिपा दिया। मोबाइल वापस मांगने पर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने लकड़ी के डंडे से पप्पू के सिर पर वार किए और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को पास ही के कुएं में फेंक दिया।
यह थे कार्रवाई में शामिल
थानाधिकारी विनोद मेनारिया, एएसआई तंवरसिंह, निहालसिंह, हेड कांस्टेबल रामनारायण, सिपाही राजपाल, दुर्गाशंकर, सुरेंद्रपाल, झाबरमल, रतनसिंह, धर्मेंद्र, पंकज, रामेश्वर और श्रवण टीम में शामिल थे।