सरदारशहर (चूरू): राजस्थान के चूरू जिले के सरदारशहर से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां तीन युवकों ने एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़के को बंधक बनाकर उसके साथ बर्बरता की, उसे निर्वस्त्र कर नचाया और कुकर्म करने का प्रयास किया।
इस पूरी वारदात का खुलासा तब हुआ, जब आरोपियों ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया और वह पीड़ित की बहन तक पहुंच गया। शिकायत के बाद पुलिस ने पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बहन के इंस्टाग्राम पर आया वीडियो, तब खुला राज
यह खौफनाक मामला तब प्रकाश में आया, जब पीड़ित की बड़ी बहन के इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक विचलित करने वाला वीडियो आया। युवती ने बताया कि उसका 15 वर्षीय छोटा भाई पिछले कई दिनों से बहुत डरा-सहमा रहता था। परिजनों के पूछने पर भी वह डर के मारे कुछ नहीं बोल रहा था और उसने स्कूल जाना भी बंद कर दिया था।
बीती 28 अप्रैल को जब बहन ने इंस्टाग्राम पर वह वीडियो देखा, जिसमें कुछ युवक उसके भाई के साथ अमानवीय कृत्य कर रहे थे, तब परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। बहन ने जब भाई को विश्वास में लेकर प्यार से पूछताछ की, तब जाकर मासूम ने अपने साथ हुई पूरी आपबीती सुनाई।
कमरे का कैमरा बंद कर की वारदात
पीड़ित के मुताबिक, यह घटना 19 अप्रैल की दोपहर करीब एक बजे की है। गांव के ही तीन युवकों ने एकराय होकर साजिश रची और नाबालिग को बहला-फुसलाकर गांव में स्थित जीएसएस (ग्रिड सब स्टेशन) के एक कमरे में ले गए। आरोपियों ने सबसे पहले कमरे का सीसीटीवी कैमरा बंद कर दिया, ताकि उनके इस घिनौने अपराध का कोई सबूत न बचे।
इसके बाद आरोपियों ने मासूम को डरा-धमकाकर निर्वस्त्र कर दिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे नग्न अवस्था में नाचने के लिए मजबूर किया गया। इस दौरान आरोपियों ने अपने मोबाइल से इसका वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया।
कुकर्म की कोशिश और जान से मारने की धमकी
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों में से एक ने उसे जातिसूचक गालियां दीं और उसके साथ जबरन कुकर्म करने का प्रयास किया। जब पीड़ित दर्द से चिल्लाने लगा, तो आरोपियों ने उसका मुंह दबा दिया। आरोपियों ने उसे धमकाया कि यदि उसने इस बारे में किसी को भी बताया, तो वे उसे जान से मार देंगे और वीडियो वायरल कर देंगे। इसी खौफ के कारण मासूम कई दिनों तक चुप रहा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की गंभीरता को देखते हुए सरदारशहर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है। पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।