Weather Alert in Rajasthan जयपुर। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों के लिए तात्कालिक मौसम चेतावनी जारी करते हुए तेज आंधी, धूलभरी हवाओं और बारिश का अलर्ट दिया है। जारी चेतावनी के अनुसार पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जहां 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ मेघगर्जन और मध्यम बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे का अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट के तहत नागौर, दौसा, टोंक, सवाईमाधोपुर, भरतपुर, अलवर, डीग, कोटपूतली—बहरोड,खैरथल—तिजारा जिलों में बारिश की संभावना है।
वहीं बीकानेर, सीकर, जयपुर, अजमेर, करौली, धौलपुर, डीडवाना—कुचामन सहित अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और कच्चे ढांचों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें और खुले स्थानों से दूर रहें।
प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत कार्य किया जा सके। यह मौसम बदलाव गर्मी से कुछ राहत जरूर देगा, लेकिन सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।