Jaipur Viral Video: तेज रफ्तार पावर बाइक पर युवती का खतरनाक स्टंट, हाथ छोड़कर चलाई गाड़ी, पुलिस ने लिया सख्त एक्शन

जयपुर। सड़कों पर स्टंटबाजी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जो न केवल यातायात नियमों की खुली अवहेलना है बल्कि आमजन की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। ताजा मामला राजधानी जयपुर से सामने आया है, जहां एक युवती ने तेज रफ्तार बाइक पर खतरनाक स्टंट कर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सख्त संदेश दिया है।

“Stunt सड़क पर नहीं, समझदारी में दिखाओ…”
एक गलती = ज़िंदगी भर का पछतावा
यातायात पुलिस जयपुर#followtrafficrules #roadsafety #drivesafe @jaipur_police @PoliceRajasthan pic.twitter.com/JcAt4RUGbN

— Traffic Police Jaipur (@jpr_traffic) April 29, 2026

रील का जुनून

जयपुर में वायरल हुए इस वीडियो में एक युवती चलती बाइक पर दोनों हाथ छोड़कर स्टंट करती नजर आई। इतना ही नहीं, वह तेज रफ्तार बाइक पर खड़ी भी हो गई, जो बेहद जोखिम भरा था। यह पूरा घटनाक्रम किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवती यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए अपनी और दूसरों की जान खतरे में डाल रही थी।

मामला सामने आते ही जयपुर ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की। पुलिस ने युवती की पहचान कर उसे तलाश लिया। इसके बाद उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए भारी चालान किया गया। साथ ही पुलिस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ‘बिफोर और आफ्टर’ वीडियो भी साझा किया, जिसमें एक तरफ युवती स्टंट करती दिख रही है और दूसरी तरफ वह पुलिस के सामने खड़ी कार्रवाई का सामना करती नजर आ रही है।

स्टंटबाजी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं

पुलिस ने इस कार्रवाई के साथ साफ संदेश दिया है कि सड़क पर स्टंटबाजी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। युवती को भविष्य में इस तरह की हरकत नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें। पुलिस ने चेताया कि ऐसे मामलों में लाइसेंस निरस्त करने सहित कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि हाल ही में जयपुर में एक युवक पुलिस वाहनों के सामने ही बाइक से स्टंट करता नजर आया था, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर बाइक जब्त की और चालान किया। इसके अलावा आमेर मावठा क्षेत्र में भी एक युवक खतरनाक स्टंट करते पकड़ा गया था। उस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर तीन बाइक जब्त की गई थीं, जिनका उपयोग स्टंट के दौरान वीडियो बनाने में किया जा रहा था।