Jaipur Ring Road: जयपुर में नॉर्थ रिंग रोड परियोजना ने पकड़ी रफ्तार, दिल्ली-आगरा-अजमेर का सफर होगा आसान, जमीन के बढ़ेंगे भाव

जयपुर। उत्तरी रिंग रोड (नॉर्थ रिंग रोड) को लेकर क्षेत्र में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। रामपुरा डाबड़ी, जाहोता, सिरसली रोड, चिमनपुरा, आकेड़ा, भट्टों की गली, ताखरों की ढाणी और मेहता की ढाणी सहित आसपास के गांवों में डिमार्केशन क्षेत्र में मिट्टी के सैम्पल लेने का कार्य शुरू हो गया है। इससे परियोजना का निर्माण कार्य निकट भविष्य में शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है और लोगों में उत्साह का माहौल है।

यह वीडियो भी देखें

स्थानीय लोगों के अनुसार लंबे समय से इस रिंग रोड का इंतजार किया जा रहा था, जो अब धरातल पर उतरता नजर आ रहा है। विभिन्न स्थानों पर मशीनों की मदद से मिट्टी के सैम्पल लिए जा रहे हैं, जिससे परियोजना की तकनीकी प्रक्रिया तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

मिट्टी की गुणवत्ता जांच का कार्य शुरू

जाहोता के पूर्व सरपंच अनिल मेहता ने बताया कि प्रस्तावित रिंग रोड क्षेत्र में डिमार्केशन के साथ मिट्टी की गुणवत्ता जांच का कार्य शुरू हो चुका है। मशीनें पहुंचने पर किसान और ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और कामकाज को करीब से देखा। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया निर्माण कार्य की शुरुआती और अहम कड़ी मानी जाती है। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। किसानों के खेतों से गुजरने वाली रिंग रोड को लेकर उनकी मांगों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।

आवागमन होगा आसान

नॉर्थ रिंग रोड बनने से ग्रामीण क्षेत्रों को सीधा फायदा मिलेगा। जयपुर शहर पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और गांवों की संपर्क व्यवस्था बेहतर बनेगी। किसानों, व्यापारियों और आम लोगों के लिए यह सड़क सुविधा का बड़ा माध्यम साबित होगी। साथ ही क्षेत्र में जमीनों की कीमत बढ़ने और निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। रामपुरा डाबड़ी की खातियों की ढाणी के पास रिंग रोड जयपुर-सीकर राजमार्ग से जुड़ेगी। इससे रिंग रोड के जरिए दिल्ली रोड, आगरा रोड, अजमेर रोड सहित अन्य क्षेत्रों तक सीधा संपर्क मिल सकेगा और आवागमन में काफी समय की बचत होगी।

लंबे समय से था इंतजार

ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से इस परियोजना की चर्चा हो रही थी, लेकिन अब जमीनी स्तर पर गतिविधियां शुरू होने से लोगों में भरोसा बढ़ा है। यदि निर्माण कार्य जल्द शुरू होता है तो यह क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। फिलहाल मिट्टी परीक्षण का कार्य जारी है और संबंधित विभाग आगे की प्रक्रिया को लेकर तैयारी कर रहा है। प्रशासनिक स्तर पर भी इस परियोजना को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे कार्य समय पर शुरू हो सके।