सिटी स्टेशन पर शेड का काम शुरू, इस गर्मी तो तपाएगी धूप

करोड़ से हो रहा पुनर्विकास का काम

उदयपुर. सिटी रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास के काम की गति कम होने से यात्रियों को बिना शेड के ही ट्रेन का इंतजार करना होगा। यहां हाल ही में शेड निर्माण का काम शुरू हुआ है। इसके मई तक तो पूरा होने की संभावना कम ही है।रेलवे 354 करोड़ की लागत से सिटी स्टेशन का पुनर्विकास करवा रहा है। प्लेटफार्म पर काम करने के लिए कंपनी ने यहां लगे शेड हटा दिए थे। इधर पांच माह तक काम भी धीमी गति से चला। ऐसे में गर्मी आने के बावजूद शेड का काम पूरा नहीं हो सका। इससे यहां आने वाले यात्रियों को धूप में खड़े होकर ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है। यात्रियों की इस समस्या को राजस्थान पत्रिका ने 21 अप्रेल के अंक में प्रमुखता से उठाया। इस पर अधिकारी और फर्म ने यहां शेड निर्माण का काम शुरू किया। यह काम उदियापोल की ओर किया जा रहा है। करीब छह दिन में प्लेटफार्म 1 से 5 तक 10 कॉलम ही खड़े किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार इस क्षेत्र में 80 से 90 कॉलम लगाए जाने हैं। इसके बाद शेड डाला जाएगा। अप्रेल के अंत में शुरू हुए इस काम के पूरा होने में करीब डेढ़ माह का समय लग सकता है। ऐसे में गर्मी का यह सीजन यात्रियों के लिए परेशानी भरा रहेगा।

बीच में कॉनकोर्स, दोनों ओर शेड

पुनर्विकास के काम के तहत उदियापोल और सविना की ओर शेड डाले जाएंगे। बीच में 560.4 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में ऊपर कॉनकोर्स बनाया जाएगा। ऐसे में स्टेशन के सभी प्लेटफार्म शुरू से लेकर अंत तक पूरी तरह से ढंके रहेंगे।

जोधपुर से आ रहे कॉलमसूत्रों के अनुसार कंपनी की ओर से जोधपुर से कॉलम मंगवाए जा रहे हैं। जो अभी पूरे नहीं आए हैं। इसके साथ ही ट्रेनों के आवागमन के बीच में काम किया जा रहा है। ऐसे में काम पूरा होने में समय लगेगा।

सीई ने किया निरीक्षण

करीब एक माह उत्तर-पश्चिम रेलवे के जीएम ने कंपनी को काम की गति बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद गत दिनों रेलवे के सीई ने स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां चल रहे काम में सुधार के निर्देश देने के साथ ही इसकी गति बढ़ाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि काम के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इंफो …

– 86,248 वर्ग मीटर क्षेत्र में होगा विकास

– 2022 अंत में शुरू हुआ काम, 2026 अंत तक पूरा होने का लक्ष्य

– 40 हजार यात्री प्रतिदिन क्षमता से तैयार किया जा रहा

– 72 मीटर चौड़ा रूफ प्लाजा-कॉनकोर्स बनाया जाएगा

– 9710 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनेंगे प्लेटफाॅर्म शेल्टर——-

– छह दिन में 10 लोहे के कॉलम खड़े किए