डूंगरपुर: मानवता शर्मसार, मंदिर के बाहर नाली के पास मिला 6 माह का भ्रूण

डूंगरपुर/बनकोड़ा। राजस्थान के डूंगरपुर जिले के ​सागवाड़ा थाना क्षेत्र के भासौर गांव में मंगलवार को ममता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। मुख्य बाजार स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर के बाहर नाली के पास एक नवजात भ्रूण मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

नाली के पास एक नवजात भ्रूण पड़ा होने की खबर जंगल में आग की तरह पूरे गांव में फैल गई, जिसके बाद मंदिर परिसर और मुख्य चौक के पास लोगों का भारी जमावड़ा लग गया। ग्राम पंचायत सरपंच मानजी मीणा, पटवारी महेश पाटीदार, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भासौर के डॉ. जितेंद्र पाटीदार, स्टॉफ प्रियंका उपाध्याय, मोगजी भाई पाटीदार, लक्ष्मीलाल जैन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना सागवाड़ा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एम्बुलेंस मंगवाई। पुलिस ने नवजात भ्रूण को कब्जे में लेकर सागवाड़ा अस्पताल भिजवाया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भासौर प्रभारी डॉ. जितेंद्र पाटीदार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह नवजात भ्रूण लगभग 5 से 6 माह के बीच का प्रतीत होता है।

​धार्मिक आस्था को ठेस

भासौर में इस तरह की पहली हृदयविदारक घटना सामने आने के बाद लोगों में जबरदस्त आक्रोष व्याप्त हो गया। घटनास्थल मुख्य बाजार के चौक के समीप ही श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर और श्री अजितनाथ दिगंबर जैन मंदिर जैसे पवित्र आस्था के केंद्र स्थित है। ग्रामीणों का कहना है कि इस कृत्य ने न केवल मां की ममता को कलंकित किया है, बल्कि पूरे भासौर गांव को भी शर्मसार कर दिया। ​

​पुलिस की कार्रवाई

सागवाड़ा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस कृत्य के पीछे किसका हाथ है और भ्रूण को वहां किसने फेंका।