दोपहर में गर्मी बरपा रही कहर, पारा 44 डिग्री

– दोपहर में सडक़ों पर सन्नाटें सी स्थिति, गर्म हवा के थपड़े कर रहे परेशान

– हीटवेव से बचाव को एडवाइजरी जारी

धौलपुर. बढ़ते तापमान और चल रही गर्म हवा (हीटवेव) के चलते इन दिनों ने आमजन को पसीने छूटा रखे हैं। हाल ये है कि गर्मी के चलते अब दोपहर से ही पहले आसमां से आग बरसती दिख रही है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे तक पारा 38 डिग्री पार कर चुका था और दोपहर होते-होते अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के नजदीक पहुंच गया। दिन में तप ही रहा है, अब तो रातें भी पूरी तरह गर्म हो रही हैं। न्यूनतम तापमान भी बढ़ कर 28 डिग्री दर्ज हुआ। गर्मी के बदले मिजाज से आमजन के साथ भगवान का भी ख्याल रखा जा रहा है। मंदिरों में पंखे और कूलर चलाए जा रहे हैं, जिससे वातावरण ठंडा रहे।

भीषण गर्मी के चलते दोपहर में शहर की सडक़ों पर सन्नाटें की स्थिति दिखी और बाजार में ग्राहक नहीं दिखे। धूप से बचने के लिए लोग छांव की तलाश में नजर आए।उधर, राज्य सरकार ने आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए एडवाइजरी जारी की गई है।

जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने बताया कि हीट वेव की स्थिति के प्रभावी शमन एवं प्रबंधन के लिए गर्मी, लू-ताप की लहर क्या करें और क्या न करें विषयक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे इन दिशा-निर्देशों का पालन कर स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित रखें। उन्होंने नागरिकों, नियोक्ताओं एवं पशुपालकों से अपील की है कि वे लू के दुष्प्रभावों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां सुनिश्चित करें। विशेष रूप से बच्चों, वृद्धजनों, गर्भवती महिलाओं एवं बीमार व्यक्तियों का अतिरिक्त ध्यान रखें। साथ ही मौसम की खबरों पर नजर रखने को कहा है।

बाहर निकलते समय यह रखें ध्यान

– पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें।- ओआरएस, लस्सी, नींबू पानी एवं छाछ जैसे पेय लें

– धूप में बाहर निकलते समय हल्के रंग, ढीले एवं सूती वस्त्र पहनें।- सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें।

– आंखों एवं त्वचा की सुरक्षा, धूप के चश्मे एवं सनस्क्रीन का उपयोग करें।- दोपहर १२ से ३ बजे तक के बीच निकलने से बचें।

– खाली पेट और ज्यादा भोजन कर नहीं निकलें।- ठंडे पानी से चेहरा धोते रहें।