Unique Bhaat Of Rajasthan: बूंदी जिले के हिण्डोली कस्बे में पुलिस ने एक अनोखी मिसाल पेश की। यहां थाना पुलिस की टीम ने थाने में पिछले 30 वर्षों से खाना बनाने वाले मदन लाल सैनी की बेटी की शादी में पहुंचकर भात भरा। पुलिसकर्मियों के इस सामाजिक कार्य की कस्बे में खूब सराहना हो रही है।
भात भरने पहुंची पुलिस का फोटो: पत्रिका
लवाजमे के साथ पहुंची पुलिस टीम
जानकारी के अनुसार, रविवार को मदन लाल सैनी की बेटी अनुप्रिया सैनी की शादी थी। मदन सैनी लंबे समय से थाने में लांगरी के रूप में कार्यरत हैं। उनकी बेटी की शादी को लेकर पुलिसकर्मियों और थानाधिकारी ने मिलकर निर्णय लिया कि वे भात भरने जाएंगे।
पुलिस उपाधीक्षक अजीत मेघवंशी और थाना प्रभारी मुकेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम लवाजमे के साथ सैनी के घर पहुंची। एक साथ बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवानों को देखकर कस्बे के लोग भी हैरान रह गए और इस पहल की सराहना करने लगे।
नकद राशि और उपहार देकर दिया आशीर्वाद
शाम के समय आयोजित कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक और थाना प्रभारी ने दुल्हन की मां को चुनरी ओढ़ाई और परंपरा के अनुसार पहरावनी की रस्म निभाई। करीब दो घंटे तक चले इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने दुल्हन को आशीर्वाद देते हुए 51 हजार रुपए नकद, चांदी की बिछिया, पांच बर्तन और अन्य आवश्यक सामान भेंट किए।
इस मौके पर उप निरीक्षक इंद्र कुमार शर्मा, एएसआई मणिराज सिंह, महावीर सिंह, इंद्र सिंह, गोपाल लाल, सुरेश योगी सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।