लंबे इंतजार के बाद राजस्थान के इस एयरपोर्ट से उड़ानें हुईं शुरू, पहले दिन 132 यात्रियों ने किया सफर

अजमेर। किशनगढ़ एयरपोर्ट से करीब तीन महीने के लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर हिंडन और लखनऊ के लिए हवाई सेवाएं शुरू हो गई हैं। शनिवार को हिंडन एयरपोर्ट (दिल्ली-एनसीआर) और लखनऊ के लिए उड़ानों का संचालन तय समय पर शुरू हुआ, जिससे यात्रियों और एयरपोर्ट प्रबंधन में खासा उत्साह देखने को मिला।

पहले ही दिन यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। हिंडन जाने वाली फ्लाइट में कुल 54 यात्रियों ने सफर किया, जिनमें 28 यात्री आगमन और 26 प्रस्थान के थे। वहीं लखनऊ के लिए संचालित उड़ान में 78 यात्रियों ने यात्रा की, जिसमें 28 आगमन और 50 प्रस्थान शामिल रहे। इस तरह कुल 132 यात्रियों ने पहले दिन हवाई यात्रा का लाभ उठाया। टर्मिनल पर यात्रियों का पारंपरिक स्वागत भी किया गया, जिससे माहौल उत्सव जैसा नजर आया।

समर सीजन में हवाई सफर शुरू

गौरतलब है कि ‘स्टार एयर’ ने 26 जनवरी के बाद तकनीकी कारणों से इन दोनों रूट्स पर उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी थीं। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब समर सीजन और छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए सेवाओं को फिर से बहाल किया गया है।

किशनगढ़ एयरपोर्ट की समय-सारिणी

नई समय-सारणी के अनुसार हिंडन के लिए सप्ताह में पांच दिन- सोमवार, बुधवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को उड़ानें संचालित होंगी। वहीं लखनऊ के लिए भी पांच दिन- मंगलवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इस बढ़ती कनेक्टिविटी से क्षेत्र में व्यापार, शिक्षा और पर्यटन को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

साल 2017 में किशनगढ़ एयरपोर्ट हुआ था शुरू

बता दें कि किशनगढ़ एयरपोर्ट (अजमेर एयरपोर्ट) राजस्थान के प्रमुख क्षेत्रीय हवाई अड्डों में शामिल है। यह अजमेर शहर से करीब 27 किलोमीटर दूर स्थित है और खासतौर पर पुष्कर आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों के लिए अहम कनेक्टिविटी प्रदान करता है। इस एयरपोर्ट का उद्घाटन साल 2017 में हुआ था और यह क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना (UDAN) के तहत विकसित किया गया है।

अजमेर और आसपास के जिलों के लिए महत्वपूर्ण

किशनगढ़ एयरपोर्ट से दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों के लिए समय-समय पर उड़ान सेवाएं संचालित होती रही हैं। आधुनिक टर्मिनल, पार्किंग और यात्री सुविधाओं के साथ यह एयरपोर्ट अजमेर और आसपास के जिलों के लिए हवाई यात्रा का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है।