Alwar Groom Kidnapping Case: अलवर जिले के गोविंदगढ़ कस्बे के मुख्य बाजार से गुरुवार को दिनदहाड़े एक युवक का अपहरण हो गया। कुछ हथियारबंद लोग बिना नंबर प्लेट लगी गाड़ी में सवार होकर आए और युवक का अपहरण कर ले गए। पीडि़त युवक की 26 अप्रेल को शादी है।
बारात उत्तर प्रदेश के आगरा के समीप ककरेटा गांव में जानी है। शुक्रवार, 24 अप्रेल को लग्न, प्रीतिभोज व भात का कार्यक्रम है। अपहृत युवक का नाम महेश यादव पुत्र गोवर्धन निवासी रामबास है। वह अपनी शादी के लिए शेरवानी खरीदने बाजार आया हुआ था।
विलाप करती मां (फोटो: पत्रिका)
इस घटना की खबर मिलते ही शादी वाले घर में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में दूल्हे के परिवार के सदस्य, रिश्तेदार व अन्य लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे रास्ता पूरी तरह से बंद रहा। हालांकि इसके कुछ देर बाद दूल्हा महेश यादव में धौलागढ़ में मिल गया। धौलागढ़ थाने में मौजूद महेश से उसकी मां ने वीडियो कॉल पर बात की, तब मामला शांत हुआ और लोगों ने जाम खोला।
वधू पक्ष पर आरोप, धमकी भी दी
महेश के परिवार वालों का आरोप है कि अपहरण करने वाले वधू पक्ष के लोग हैं। उन्होंने दूल्हे महेश को यह धमकी देकर छोड़ा कि यदि तू बारात लेकर आया, तो तेरी लाश आएगी। यह भी आरोप है कि अपहरणकर्ताओं ने हाथाें में पिस्टल ले रखी थी, जिनकी संख्या 6 से ज्यादा थी।
सड़क पर लगा जाम (फोटो: पत्रिका)
आरोपियों ने दूल्हे के मोबाइल नंबर पर कॉल करके पूछा कि तुम कहां हो, अभी मिलना है । जब दूल्हे ने बताया कि मैं बाजार में शेरवानी खरीदने आया हूं, तो आरोपी वहां पहुंचे और जबरन उसे अपनी गाड़ी में ले गए । दूल्हे महेश ने अपने दोस्त को फोन करके जानकारी दी कि मैं धौलागढ़ में हूं। इसके बाद उसने अपनी मां से वीडियो कॉल पर बात की ।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है । जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा । इसके बाद ही पता चल सकेगा कि अपहरण किसने और क्यों किया ।