Nursing Student Suicide Case: घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकली नर्सिंग छात्रा ने सोमवार सुबह मुंडेरी के पास कालीसिंध नदी के पुल से कूदकर जान दे दी। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार धनवाड़ा निवासी विनीता सुमन (22) पुत्री दिलीप नर्सिंग कॉलेज में अध्ययनरत थी। वह सोमवार सुबह अपने घर से कॉलेज में फॉर्म भरने जाने की बात कहकर निकली थी। करीब सात बजे वह मुंडेरी के पास कालीसिंध नदी के पुल पर पहुंची।
उसने अपनी स्कूटी रोकी और नीचे छलांग लगा दी। वह पानी की बजाय पत्थरों पर गिर गई। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को गंभीर हालत में एसआरजी अस्पताल लेकर गई, जहां कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लाइलाज बीमारी से परेशान युवती ने किया सुसाइड
झालावाड़ जिले के झालरापाटन नगर के पुराना बिजली घर क्षेत्र निवासी युवती ने लाइलाज बीमारी से तंग होकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इससे उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने बताया कि पुराना बिजली घर क्षेत्र निवासी भैरूलाल सोनी की पुत्री 23 वर्षीय वर्षा सोनी रविवार रात खाना खाकर सोई थी। रात करीब 12 बजे से उसे अचानक उल्टियां शुरू हो गई।
जिस पर परिजन उसे एसआरजी चिकित्सालय झालावाड़ लेकर गए। अस्पताल में उपचार कर रहे चिकित्सकों ने बताया कि इसने किसी जहरीली वस्तु का सेवन कर लिया। जिससे उसकी तबीयत खराब हुई।
चिकित्सकों ने उसे आईसीयू वार्ड में भर्ती किया, लेकिन सोमवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। परिजनों ने बताया कि मृतका यहां पर ही एक दुकान पर सेल्स गर्ल का काम करती थी। वह किसी लाईलाज बीमारी से पीड़ित थी, जिसके कारण वह तनाव में रहती थी। परिजनों ने आशंका जताई कि संभवतः उसने इसी कारण आत्महत्या की है। पुलिस सभी मामलों को ध्यान में रखते हुए इसकी गहनता से जांच कर रही है।