गुड़ली. उदयपुर. जिले की मावली तहसील के गुड़ली गांव में सोमवार को अचानक भड़की आग ने अफरा-तफरी मचा दी। खेत में बने एक मकान के पास लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और तेज हवा के कारण दूर-दूर तक फैलती चली गई। हालात इतने गंभीर हो गए कि आग की लपटें नजदीकी अस्पताल तक पहुंच गईं और पीछे स्थित पहाड़ी क्षेत्र को भी अपनी चपेट में ले लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, लोगरलाल गमेती का मकान आबादी से कुछ दूरी पर खेत में बना हुआ है। इसी मकान के पास अचानक आग लग गई, जिसने हवा के सहारे तेजी से फैलते हुए आसपास के खेतों, अस्पताल परिसर के पास और पहाड़ी क्षेत्र तक पहुंचकर खतरा बढ़ा दिया।
दमकल की मुस्तैदी से टला बहादसा
आग की सूचना मिलते ही हिंदुस्तान जिंक देबारी से सीएसआर हेड रुचिका चावला ने दो दमकल मौके पर भेजी, जबकि नगर निगम की एक दमकल ने दो फेरे लगाए। तीनों दमकलों ने संयुक्त प्रयास करते हुए आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत की। आखिरकार साढ़े तीन घंटे में आग को काबू में कर लिया गया, इससे अस्पताल और आसपास के क्षेत्र को बड़ी क्षति से बचा लिया गया। आग अस्पताल के पास तक पहुंचने से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। यदि समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।