खबर ज़रा हटके : PM मोदी की रवानगी के ठीक बाद ये चर्चित विवाह समारोह, मुख्यमंत्री से लेकर मंत्रियों तक का रहेगा जमावड़ा

राजस्थान की राजनीति में रिश्तों की एक नई और मधुर तस्वीर सामने आ रही है। प्रदेश की भजनलाल सरकार में नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन (UDH) राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा और विराटनगर से भाजपा विधायक कुलदीप धनखड़ मंगलवार, 21 अप्रैल 2026 को आधिकारिक रूप से ‘समधी’ बनने जा रहे हैं। मंत्री खर्रा की पुत्री अर्चना और विधायक धनखड़ के पुत्र अनुज परिणय सूत्र में बंधेंगे। यह शादी न केवल पारिवारिक मिलन है, बल्कि इसे राजस्थान का सबसे बड़ा ‘सियासी जमावड़ा’ भी माना जा रहा है।

पीएम मोदी की विदाई और शादी की शहनाई

मंगलवार का दिन राजस्थान के वीआईपी गलियारों के लिए अति-व्यस्त रहने वाला है।

मिशन बालोतरा: दिन के समय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उनकी कैबिनेट के मंत्री और तमाम बड़े भाजपा नेता बालोतरा के पचपदरा में रहेंगे, जहाँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रिफाइनरी का लोकार्पण करेंगे।

रवानगी के बाद भारणी का रुख: जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी की रवानगी होगी, पूरा राजनीतिक अमला सीधे श्रीमाधोपुर के भारणी गांव की ओर रुख करेगा। भारणी, जो कि मंत्री खर्रा का पैतृक निवास है, वहां इस ‘वीआईपी’ शादी के लिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं का भारी-भरकम खाका तैयार किया गया है।

jhabar singh and kuldeep dhankhar

मंत्री खर्रा का ‘सार्वजनिक आमंत्रण’

मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने सोमवार को अपनी सादगी का परिचय देते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने उन सभी शुभचिंतकों के नाम ‘सार्वजनिक आमंत्रण’ जारी किया, जिन तक व्यस्तता के कारण औपचारिक कार्ड नहीं पहुँच पाया।

खर्रा ने लिखा— ”राम राम सा! यदि औपचारिक निमंत्रण आप तक न पहुंच पाया हो, तो कृपया इस संदेश को ही मेरा व्यक्तिगत निमंत्रण स्वीकार करें।”

राम राम सा!
मेरी सुपुत्री अर्चना के मंगल परिणयोत्सव की मधुर बेला पर खर्रा परिवार की खुशियों में कल, दिनांक 21 अप्रैल 2026 को आप सादर आमंत्रित हैं।

यद्यपि हमारा सतत प्रयास रहा कि प्रत्येक स्नेहीजन तक निमंत्रण ससम्मान पहुंच सके, फिर भी यदि व्यस्तता के कारण औपचारिक निमंत्रण आप तक… pic.twitter.com/meKlQCccYe

— Jhabar Singh Kharra (@officialkharra) April 20, 2026

सोशल मीडिया पर मंत्री का यह अंदाज़ खूब सुर्खियाँ बटोर रहा है। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का गूगल मैप भी साझा किया है ताकि किसी को पहुँचने में दिक्कत न हो।

‘तिलक समारोह’ में पहुंचे मुख्यमंत्री

इधर, विधायक कुलदीप धनखड़ के पुत्र अनुज के तिलक समारोह में शरीक होने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को भांकरी गांव पहुंचे। मुख्यमंत्री के साथ ही सत्ता और विपक्ष के तमाम दिग्गज एक ही पांडाल में नजर आए।  

‘तिलक समारोह’ में पहुंचे मुख्यमंत्री

उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और कैबिनेट मंत्री व विधायक के समधी झाबर सिंह खर्रा मौजूद रहे। इनके अलावा सांसद हनुमान बेनीवाल, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश पूनिया, राजेंद्र राठौड़, किरोड़ी लाल मौणा, अविनाश गहलोत, पूर्व मंत्री राजेंद्र यादव, जवाहर सिंह बेदम, संजय शर्मा और विजय चौधरी भी तिलक समारोह में शामिल रहे। 

अब भारणी में सजेगा मंडप: सीएम और मंत्रियों का रहेगा जमावड़ा

शादी का मुख्य समारोह मंत्री झाबर सिंह खर्रा के पैतृक गांव भारणी (श्रीमाधोपुर) में आयोजित होगा। खर्रा का मूल निवास स्थान होने के कारण इस आयोजन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ कैबिनेट के लगभग सभी मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के पहुँचने की उम्मीद है। शेखावाटी और जयपुर ग्रामीण के राजनीतिक हल्कों में इस ‘सियासी संगम’ को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

जब झूम उठे होने वाले समधी: वायरल डांस वीडियो

इस शादी की औपचारिकताओं के बीच सोशल मीडिया पर कुछ दिन पहले एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में होने वाले समधी यानी झाबर सिंह खर्रा और कुलदीप धनखड़ एक राजस्थानी लोक गीत पर बेहद सादगी और खुशी के साथ झूमते नजर आ रहे हैं।

राजनीति की व्यस्तता और गंभीरता से दूर दोनों नेताओं का यह दोस्ताना अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है। यह वीडियो यह बताने के लिए काफी है कि दोनों परिवारों के बीच कितनी गहरी बॉन्डिंग है।

रिश्तों के साथ मजबूत होगी सियासत

राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि यह विवाह दो प्रभावशाली क्षेत्रों—श्रीमाधोपुर और विराटनगर—के बीच एक मजबूत कड़ी बनेगा। मंत्री खर्रा जहाँ शेखावाटी की राजनीति के स्तंभ माने जाते हैं, वहीं कुलदीप धनखड़ की पकड़ जयपुर ग्रामीण में काफी मजबूत है। भाजपा के इन दो दिग्गज नेताओं का पारिवारिक रूप से जुड़ना भविष्य के समीकरणों के लिहाज से भी अहम है।