Rajasthan Weather Update: राजस्थान में अब भीषण गर्मी का दौर शुरू होने जा रहा है। मौसम केन्द्र जयपुर ने रविवार को आगामी सप्ताह के लिए पूर्वानुमान जारी करते हुए हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया है। केन्द्र के अनुसार रविवार को अलवर, भरतपुर, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, खैरथल तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ में लू चली।
इसी प्रकार सोमवार को 8 जिलों में हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया है। जिसका असर 23 अप्रेल तक रहेगा। इस दौरान दो से पांच डिग्री तक तापमान में बढ़ोतरी होगी। मौसम केन्द्र के अनुसार सोमवार को खैरथल तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, चूरू, अलवर, भरतपुर, डीग, धौलपुर और झुंझुनूं में लू का अलर्ट जारी किया है।
इसी प्रकार मंगलवार को अलवर, भरतपुर, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर, फलौदी और श्रीगंगानगर में लू की चेतावनी दी है। इधर, रविवार को नौ शहरों में दिन का पारा 41 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान कोटा में 42.1 डिग्री दर्ज किया गया।
पिछले साल 5 शहरों में पारा 45 पार
18 अप्रेल 2025 को राज्य के पांच शहरों में पारा 45 डिग्री से पार चला गया था जो इस साल के मुकाबले करीब 2-3 डिग्री कम है। इन शहरों में चूरू, श्रीगंगानगर, सीकर, कोटा और वनस्थली शामिल थे। वहीं अनुमान है कि इस महीने के अंत तक राज्य में अधिकतम तापमान का आंकड़ा 45 डिग्री को पार कर जाएगा।
हीटवेव के दौरान ये बरतें सावधानियां
दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बाहर जाने से बचें।
अगर जाना जरूरी हो, तो सिर (टोपी, दुपट्टा या छाते से) ढककर ही निकलें ।
हल्के और ढीले कपड़े पहनें ताकि शरीर ठंडा रहे।
दिन भर पर्याप्त पानी पिएं।
ORS, नींबू पानी, छाछ, और नारियल पानी का सेवन करें।
भारी और तला-भुना खाना कम खाएं। तरबूज, खीरा, ककड़ी जैसे पानी से भरपूर फल-सब्जियां खाएं।
बच्चों-बुजुर्गों का खास ध्यान रखें।
ये लोग लू के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं, इन्हें धूप से दूर रखें।
खिड़कियों पर पर्दे लगाएँ या कूलर/पंखे का उपयोग करें। दिन में घर के अंदर रहें और ठंडी जगह पर आराम करें।
लक्षण पहचानें
चक्कर आना, उल्टी होना, तेज सिरदर्द और बुखार—ये लू के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं।
ऐसे लक्षण दिखाई दें तो व्यक्ति को तुरंत ठंडी जगह पर ले जाएं और पानी या ओआरएस पिलाएं।
यदि व्यक्ति बेहोश हो जाए, तेज बुखार बना रहे या हालत बिगड़ती नजर आए, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
IMD का पूर्वानुमान: उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में भी चलेगी लू
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने रविवार को जारी पूर्वानुमान में उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी दी है। उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में सूरज का सितम शुरू हो गया है, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कुछ इलाकों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना फिलहाल कम है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी मैदानों से गुजर रहा है, लेकिन यह इतना प्रभावी नहीं है कि तापमान में बड़ी गिरावट ला सके।
अधिकतम तापमान
चूरू – 42.5
चित्तौडगढ़ – 42.0
अलवर – 41.5
बाड़मेर – 41.4
बीकानेर – 41.0
करौली – 41.0
जयपुर – 40.5
जैसलमेर – 40.0
जोधपुर – 40.0
डूंगरपुर – 40.0
भीलवाड़ा – 39.6
झुंझुनूं – 39.6
श्रीगंगानगर – 39.6
दौसा – 39.5
सीकर – 39.5