Rajasthan News: खौफनाक वारदात: जमाई ने सास को पेट्रोल डालकर जलाया, उपचार के दौरान मौत

सिरोही। जिले के आबूरोड ब्लॉक की ग्राम पंचायत के भाटणीफली में शनिवार दोपहर घटित घटना ने हर किसी को झकझोर दिया। जमाई ने अपनी सास पर पेट्रोल भरा कैन उड़ेल कर आग लगा दी, जिससे वह काफी झुलस गई। उसे उपचार के लिए पालनपुर ले जाया गया। जहां रविवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतका का शव मोर्चरी में रखवाया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

सदर थानाधिकारी प्रदीप डागा के अनुसार ओर गांव की भाटणीफली निवासी मानाराम पुत्र छगनलाल ने शनिवार को इस संबंध में रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में बताया कि उसकी मां केली देवी घर पर सो रही थी। तब सियावा गांव निवासी उसका जीजा लाडूराम अचानक घर पर आया और उसकी मां पर हमला कर दिया।

पेट्रोल से भरा कैन उड़ेलकर लगा दी आग

फिरअपने साथ लाए पेट्रोल से भरे कैन को उस पर उड़ेल दिया। इसके बाद उसने माचिस और लाइटर की मदद से आग लगा दी।अचानक हुई इस घटना से घर में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। मां के चिल्लाने की आवाज सुनकर वह भागकर आया और आग बुझाई।

आरोपी की तलाश जारी

थानाधिकारी ने बताया कि रविवार को केली देवी की पालनपुर अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका का शव मोर्चरी में रखवाया है। फिलहाल आरोपी लाडूराम फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा कर रहे हैं।