Chambal Nadoti Project : सवाईमाधोपुर। जिला कलक्टर काना राम ने रविवार को चंबल-नादौती-सवाई माधोपुर वृहद पेयजल परियोजना का निरीक्षण किया। 4060 करोड़ रुपए की इस योजना से सवाईमाधोपुर और करौली जिलों के कुल 1426 गांवों तथा 8 शहरों को लाभान्वित करेगी। संयोजक के तौर पर उन्होंने सवाई माधोपुर जिले के 579 गांवों व 4 शहरों में दीर्घकालिक पेयजल समाधान के लिए कार्यों की गुणवत्ता व समयसीमा पर सख्ती के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलक्टर काना राम ने मण्डरायल स्थित चंबल सीडब्ल्यूआर सेंटर, फिल्टर प्लांट एवं राजघाट पर इनटेक वेल का अवलोकन किया। निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं तकनीकी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधीक्षण अभियंता एम शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। भीषण गर्मी के मद्देनजर पेयजल आपूर्ति की तैयारियों की समीक्षा कर, उन्होंने निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता से कार्य पूर्ण करने पर बल दिया।
जिले के 579 गांव एवं 4 शहर शामिल
परियोजना में मण्डरायल के निकट चंबल नदी से इनटेक वेल के माध्यम से जल पम्प कर रॉ-वॉटर जलाशय में संग्रहित होगा। जल शोधन के बाद इसे पाइपलाइन से गांवों व शहरों में वितरित किया जाएगा। अधीक्षण अभियंता एम शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार ने बजट घोषणा 2024-25 के तहत इस परियोजना को स्वीकृति दी है, जिसमें सवाई माधोपुर जिले के 579 गांव एवं 4 शहर शामिल हैं। यह योजना वर्ष 2054 तक की पेयजल मांग को ध्यान में रखकर बनाई गई है, जिससे सवाई माधोपुर की अनुमानित 19.5 लाख जनसंख्या को जल आपूर्ति का प्रावधान है।
22,098 घरेलू जल कनेक्शन देने का लक्ष्य
जल जीवन मिशन के तहत सवाई माधोपुर के 126 गांवों में 22,098 घरेलू जल कनेक्शन प्रदान करने का लक्ष्य है। परियोजना को तीन पैकेजों में विभाजित कर कार्य हो रहा है। जिला कलक्टर ने भूमि आवंटन की प्रगति समीक्षा कर शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलक्टर ने अतिरिक्त जिला कलक्टर सुदर्शन सिंह के साथ गंगापुर सिटी स्थित चम्बल पम्प हाउस का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने विद्युत विभाग को 7 दिन में ट्यूबवेल विद्युत कनेक्शन जारी करने तथा अधिशाषी अभियंता रामकेश मीणा को 15 नए ट्यूबवेल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। परियोजना से अतिरिक्त 2 एमएलडी जल उपलब्ध कराकर गंगापुर सिटी में कुल 6 एमएलडी जल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा, जिससे पेयजल आपूर्ति में उल्लेखनीय सुधार होगा।