Ajmer News: महिला को बाइक की टंकी पर बैठाकर खतरनाक स्टंट, 3 किलोमीटर शहर में काटी गदर, अब चढ़ा पुलिस के हत्थे

अजमेर। शहर में सड़क सुरक्षा नियमों की खुली अवहेलना का एक मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने महिला को मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी पर बैठाकर करीब तीन किलोमीटर तक वाहन दौड़ाया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस के अनुसार यह घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे कचहरी रोड क्षेत्र की है। वायरल वीडियो में युवक लापरवाही और खतरनाक तरीके से बाइक चलाते हुए नजर आ रहा है, जबकि महिला पेट्रोल टंकी पर बैठी हुई है। यह न केवल मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि इससे सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी।

सीसीटीवी से चला पता

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़, सीओ नॉर्थ शिवम जोशी, कोतवाली थाना प्रभारी अनिल देव कल्ला और यातायात निरीक्षक नीतू राठौड़ शामिल रहे। टीम ने अभय कमांड सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की।

पुलिस ने मोटरसाइकिल की जब्त

जांच के दौरान मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी युवक किशन कन्हैया (26) पुत्र पृथ्वीराज तेली निवासी भजनगंज 9 नंबर पेट्रोल पंप क्षेत्र को डिटेन किया गया। पुलिस ने संबंधित मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है और मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपी के ड्राइविंग लाइसेंस को निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस की जनता से अपील

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार के स्टंट या सोशल मीडिया के लिए खतरनाक गतिविधियों से बचें। इस तरह की लापरवाही न केवल खुद के लिए बल्कि दूसरों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है।