Kota Crime: प्रेम विवाह की रंजिश में दंपति पर तलवार से किया हमला, 6 आरोपी गिरफ्तार

Love Marriage Feud: कोटा के आरकेपुरम थाना क्षेत्र में दंपती पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी छह नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है । एसएचओ संतोष चंद्रावत ने बताया कि यह घटना 8 अप्रैल की रात को हुई थी । घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और तुरंत विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की ।

चंद्रावत के अनुसार प्रार्थिया तनिषा भगत के घर का मुख्य दरवाजा खुला होने का फायदा उठाकर पड़ोस में रहने वाले आरोपी जबरन घर में घुस गए। आरोपियों ने प्रार्थिया के पिता विक्की भगत को घर से बाहर खींचकर लाठी, पाइप और तलवार से हमला किया। हमले में रूद्रप्रताप सिंह ने तलवार से विक्की भगत के सिर पर वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया । बीच-बचाव करने आई उनकी माता पूजा भगत को भी आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट कर घायल कर दिया ।

वायरल वीडियो को अहम साक्ष्य माना

एसएचओ ने बताया कि घटना के दौरान प्रार्थिया द्वारा बनाया गया वीडियो जांच में अहम साक्ष्य साबित हुआ, जिससे आरोपियों की पहचान सुनिश्चित हुई और उनकी लोकेशन ट्रेस करने में भी मदद मिली । आरोपियों ने परिवार के साथ मारपीट करने के अलावा घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा को भी क्षतिग्रस्त किया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया ।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश थी । प्रार्थिया के भाई द्वारा 24 मार्च को आरोपी पक्ष की युवती से प्रेम विवाह किए जाने से नाराज होकर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया । पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर रूद्रप्रताप सिंह, भानुप्रताप सिंह, रुपेन्द्र सिंह उर्फ दीपक, लोकेश मीणा, धीरज सिंह व मान कंवर को गिरफ्तार कर लिया है । सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है । घटना में प्रयुक्त तलवार और डंडे की बरामदगी अभी शेष है, जिसके लिए लगातार प्रयास जारी हैं ।