चूरू. सरकार के दिशा निर्देशन में राजफैड की ओर से समर्थन मूल्य पर सरसों और चने की खरीद के लिए जहां जिले में केन्द्र तुलाई के लिए तैयार है वहीं क्रय विक्रय सहकारी समितियों की ओर से किसानों को टोकन जारी करने का कार्य शुरू करने के साथ ही जिले के कई केन्द्रों पर रबी जिंस की तुलाई का कार्य शुरू हो गया है।
जिले के 12 केन्द्रों पर खरीद
जिले में क्रय विक्रय सहकारी समितियों के माध्यम चलनेवाले खरीद के लिए चूरू (Churu), रतनगढ़, सादुलपुर, उपकेन्द्र चांदगोठी, सिधमुख, सरदारशहर, उपकेन्द्र सावर, सुजानगढ़, उपकेन्द्र बीदासर, कातर, तारानगर और उपकेन्द्र धीरवास बड़ा में चना और सरसों की तुलाई की जा रही है।
किसानों ने करवाया पंजीयन
जिले में चने और सरसों समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए किसानों ने पंजीयन करवाया है जिसमें 9 अप्रैल तक चूरू में 2242 किसानों ने चने औेर 663 किसानों ने सरसो के लिए पंजीयन करवाया है। रतनगढ़ में चने के लिए 33, सरसोे के लिए 288, सादुलपुर में चने के लिए 2005, सरसों के लिए 660, चांदगोठी में 1977 चना, 460 सरसो, सरदारशहर में चना 705, सरसो 1203, सावर में 172 चना, 682 सरसो, सुजानगढ़ में चना 41, सरसों 109, बीदासर में चना 6 सरसों 54, कातर में चना 3, सरसो 19, तारानगर में चने के लिए 2333, सरसो के लिए 497, धीरवास बड़ा में चने के लिए 2403 तथा सरसों के लिए 116 किसानों ने पंजीयन करवाया है। जिले में 9 अप्रैल तक कुल 13930 किसान चने और 5174 किसान पंजीयन करवा चुके हैं।
टोकन हुए जारी
केन्द्रों की ओर से 9 अप्रैल तक जिले में चने के लिए कुल 3554 तथा सरसों के लिए 380 किसानों को टोकन जारी किए जा चुके हैंं। जिनमें चने की खरीद के लिए चूरू के 720, सादुलपुर के 900, चांदगोठी के 868, सिधमुख के 856, सुजानगढ़ के 150 तथा बीदासर के 60 किसानों को टोकन जारी किए गए है। सरसों के लिए चूरू में 380 टोकन जारी किए गए हैँ।
मौसम का रहा असर
1 अप्रैल से जिले के खरीद केन्द्रों पर चने और सरसों की खरीद के साथ ही तुलाई का कार्य शुरू किया गया लेकिन बीते दो सप्ताह में बारिश, आंधी के साथ अनिश्चितंताओं से भरे मौसम के कारण कार्य प्रभावित रहा। अब मौसम खुला है इसलिए आशा व्यक्त की जा रही है कि किसान अपनी उपज लेकर केन्द्रों पर आएंगे।
चने सरसों के बढ़े भाव
उप रजिस्ट्रार सहकारी समितिया चूरू के उप रजिस्ट्रार डॉ.सुनील मांडिया के अनुसार समर्थन मूल्य पर इस बार सरसों और चने के भावों में वृद्धि की गई है। केन्द्रों पर सरसों की खरीद 6200 रुपए प्रति क्विंटल की जाएगी। पिछली बार सरसों के भाव 5950 रुपए प्रति क्विंटल थे। चना इस बार 5875 रुपए प्रति क्विंटल खरीदा जा रहा है। जिसके पिछले साल इसके भाव 5650 रुपए प्रति क्विंटल थे। केन्द्रों पर खरीद की माकूल व्यवस्था की गई है। फिर कोई शिकायत रहती है तो राजफैड के टोल फ्री नम्बर पर की जा सकती है।