Rajasthan Nikay Election: राजस्थान में जल्द बज सकता है निकाय चुनाव का बिगुल, मंत्री किरोड़ी लाल मीणा का बड़ा दावा

अलवर। सरकार निकाय चुनाव टालने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा चुकी है, लेकिन प्रभारी मंत्री और कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने दावा किया है कि निकाय चुनाव तय समय पर होंगे। शहर के अंबेडकर नगर स्थित मीणा बालिका छात्रावास में आयोजित भामाशाह सम्मान एवं होली मिलन समारोह में शामिल होने आए किरोड़ी ने एलपीजी गैस की समस्या पर कहा कि समस्या को जितना दिखाया जा रहा है, उतना मामला गंभीर नहीं है। होर्मुज से रास्ता चालू होने के बाद यह किल्लत दूर हो जाएगी।

एक माह के वेतन का योगदान देने की घोषणा

इससे पहले मंच से किरोड़ी ने बालिका छात्रावास के निर्माण में सहयोग देने वाले भामाशाहों को साधुवाद देते हुए कहा कि समाज की बालिकाओं की शिक्षा और सशक्तीकरण के लिए छात्रावास का निर्माण कराना एक सराहनीय पहल है। उन्होंने बालिका छात्रावास निर्माण के लिए एक कमरे के निर्माण की राशि देने और अपने एक माह के वेतन का योगदान देने की भी घोषणा की। कार्यक्रम में कांति प्रसाद (थानागाजी विधायक), मांगीलाल मीणा सहित पूर्व मंत्री नसरू खां, केएल मीणा, पीएल मीणा, आरडी मीणा और बीपी मीणा उपस्थित रहे।

महिलाओं के साथ किया नृत्य

कार्यक्रम में महिलाओं ने मंत्री का हाथ पकड़कर उन्हें मंच पर बुलाया। इसके बाद महिलाओं ने मंत्री के साथ नृत्य किया और उन पर फूल भी बरसाए। इस दौरान महिलाएं भी मंत्री के साथ उत्साह के साथ नाचती हुई नजर आईं। मीणा शहर के फ्रेंड्स गार्डन में राजा हसन खां मेवाती के शहादत दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी पहुंचे।

उन्होंने कहा कि राजा हसन खां मेवाती ने आक्रांता बाबर के विरुद्ध मातृभूमि की रक्षा के लिए खानवा के युद्ध में राणा सांगा की ओर से लड़ते हुए वीरता, पराक्रम और देशभक्ति की मिसाल पेश की और अलवर का नाम इतिहास में अमर कर दिया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने रमजान के पवित्र माह में मेव समाज की ओर से आयोजित इफ्तार पार्टी में भी भाग लिया और प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।