Sanganer elevated Road: जयपुर शहर के सांगानेर में वर्षों से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या अब कम होने की उम्मीद है। 240 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले एलिवेटेड रोड का निर्माण इस सप्ताह शुरू होने की उम्मीद है। अजमेर में 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास भी कर चुके हैं।
एलिवेटेड रोड के एक हिस्से में द्रव्यवती नदी भी आ रही है, उसके ऊपर जेडीए स्टील का ब्रिज बनवाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद सांगानेर फ्लाईओवर से मालपुरा गेट तक की दूरी महज 9 मिनट में तय की जा सकेगी। परियोजना को जेडीए ने मंजूरी दी है।
चार लेन की होगी एलिवेटेड
अधिकारियों के अनुसार यह मार्ग क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए तैयार किया गया है, जिससे रोजाना हजारों वाहन चालकों को राहत मिलेगी। एलिवेटेड रोड चार लेन की होगी, जो सांगानेर फ्लाईओवर से शुरू होकर चौरडिया पेट्रोल पंप तक जाएगी। यहां तिराहे से एलिवेटेड रोड दोनों ओर जाएगी। एलिवेटेड रोड के नीचे आने वाले तीन प्रमुख चौराहों को ट्रैफिक लाइट फ्री किया जाएगा। इसके लिए जेडीए ने कवायद शुरू कर दी है।
अभी है बुरा हाल
वर्तमान में इस मार्ग पर सुबह और शाम के पीक आवर्स में लंबा जाम लग जाता है। बाजार क्षेत्र, औद्योगिक इकाइयों और आवासीय कॉलोनियों के कारण यातायात दबाव लगातार बढ़ा है। एलिवेटेड रोड बनने से नीचे की सड़क स्थानीय यातायात के लिए उपयोगी रहेगी और ऊपर से लंबी दूरी के वाहन गुजर सकेंगे।
30 महीने में निर्माण का लक्ष्य
प्राधिकरण ने परियोजना को 30 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से होगा ताकि यातायात पूरी तरह बाधित न हो। अधिकारियों का कहना है कि परियोजना पूरी होने पर समय और ईंधन दोनों की बचत होगी, साथ ही प्रदूषण में भी कमी आएगी।
स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि काम तय समय सीमा में पूरा होता है तो सांगानेर क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। लंबे समय से इस मांग के साकार होने से दक्षिणी जयपुर के ट्रैफिक प्रबंधन में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
पुराने रूट का करना होगा उपयोग
मालपुरा गेट से फ्लाईओवर की तरफ एलिवेटेड रोड से जाने वालों के लिए सुविधा नहीं होगी। मालपुरा गेट से पेट्रोल पंप और सांगानेर फ्लाईओवर तक वाहन चालकों को मौजूदा सड़क का ही उपयोग करना होगा।