Showroom Staff Assaulted: जयपुर। कार बदलवाने के विवाद को लेकर शोरूम कर्मचारी पर बेरहमी से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित के मुंह पर लोहे की रॉड से वार किए जाने से उसके 4 दांत टूट गए और हाथ में भी गंभीर चोट आई है। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। फिलहाल लालकोठी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
यह है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, गोविंद नगर कालवाड़ रोड झोटवाड़ा निवासी मोहित गुर्जर आदर्श नगर स्थित एक कार शोरूम में कार्यरत है। घटना के दिन वह अपने दैनिक कार्य में व्यस्त था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर दानिश कुरैशी का फोन आया। दानिश ने गाड़ी के संबंध में बात करने के लिए उसे अपनी दुकान पर बुलाया।
मोहित वहां पहुंचा और बातचीत करने लगा। आरोप है कि इसी दौरान दानिश गुस्से में आ गया और गाड़ी बदलवाने या चार लाख रुपए देने की मांग करने लगा। मोहित ने असमर्थता जताते हुए कहा कि वह इतनी बड़ी रकम नहीं दे सकता और कंपनी से बात करने की सलाह दी। यह सुनते ही आरोपी ने लोहे की रॉड और डंडों से उस पर हमला कर दिया। हमले में मोहित के आगे के चार दांत टूट गए, होंठ फट गया और बचाव के दौरान हाथ में भी गहरी चोट लग गई। पुलिस के अनुसार आरोपी दानिश कुरैशी रामगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है।
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
सूचना मिलते ही लालकोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कर्मचारी को अस्पताल भेजा। पुलिस अब रामगंज थाने के आरोपी हिस्ट्रीशीटर दानिश कुरैशी की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने आरोपी के छिपने के संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी लेकिन व मौके से फरार हो गया।