जयपुर। सांगानेर क्षेत्र में लंबे समय से बनी यातायात जाम की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की कार्यकारी समिति की 260वीं बैठक में सांगानेर फ्लाईओवर से मालपुरा गेट तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई। यह परियोजना करीब 240 करोड़ रुपए की लागत से तैयार की जाएगी।
गुरुवार को मंथन सभागार में जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विकासात्मक और अवसंरचनात्मक प्रस्तावों पर चर्चा के बाद कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में जोन-8 के अंतर्गत सांगानेर फ्लाईओवर से चोरड़िया पेट्रोल पंप होते हुए मालपुरा गेट तक एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य को कार्योत्तर स्वीकृति दी गई।
चार लेन और दो लेन एलिवेटेड रोड का प्रस्ताव
जानकारी के अनुसार बजट वर्ष 2024-25 की घोषणा के तहत सांगानेर क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए विस्तृत सर्वे कराया गया था। सर्वे में मार्गों पर लगातार जाम की स्थिति सामने आने के बाद कंसल्टेंट की अनुशंसा पर परियोजना तैयार की गई। इसके तहत सांगानेर फ्लाईओवर से कल्याणपुरा आरओबी के निकट तक चार लेन एलिवेटेड रोड तथा चोरड़िया पेट्रोल पंप से डिग्गी मालपुरा गेट तक दो लेन एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाएगा।
सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को भी मंजूरी
बैठक में सांगानेर क्षेत्र के बंबाला इलाके में सीवरेज सुदृढ़ीकरण के तहत 40 एमएलडी क्षमता का सीक्वेंशियल बैच रिएक्टर (एसबीआर) तकनीक आधारित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने को भी स्वीकृति दी गई। यह कार्य इंजीनियरिंग, प्रोक्योरिंग, कंस्ट्रक्शन एंड कमीशनिंग (EPCC) मॉडल पर किया जाएगा।