तिजारा में भगवान चन्द्रप्रभ की निर्वाण तिथि पर निकाली स्वर्ण रथयात्रा

अलवर. तिजारा कस्बे के चन्द्रप्रभदिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र देहरा मंदिर में सोमवार को भगवान चन्द्रप्रभ की निर्वाण तिथि एवं फाल्गुन शुक्ल सप्तमी के अवसर पर वार्षिक मेले का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम के तहत भव्य झांकियां और स्वर्णिम रथयात्रा निकाली गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान के चित्र पर दीप प्रज्वलन से हुआ। मंदिर अध्यक्ष मुकेश कुमार जैन ने बताया कि आचार्य आदित्य सागर महाराज एवं आचार्य विज्ञानभूषण महाराज ससंघ के सानिध्य में सुबह 6.45 बजे अभिषेक एवं पूजन, 7.30 बजे निर्वाण मोदक समर्पण, 9.15 बजे ध्वजारोहण तथा 9.30 बजे धर्मसभा आयोजित की गई।

प्रातः 11.30 बजे बैण्ड बाजों और आकर्षक झांकियों के साथ स्वर्णिम रथयात्रा निकाली गई। झांकियों में सत्य और अहिंसा का संदेश प्रस्तुत किया गया। रथयात्रा के मंदिर परिसर में लौटने पर दोपहर 3 बजे श्रीजी का अभिषेक तथा सायं 6.30 बजे मंगल आरती हुई।

कार्यक्रम में रविन्द्र जैन, नरेन्द्र जैन, शम्भु दयाल जैन, आदेश्वर जैन, सुरेन्द्र जैन सहित समाज के अनेक लोग एवं प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।