Voter List 2026: बाड़मेर और बालोतरा की अंतिम वोटर लिस्ट प्रकाशित, 19.69 लाख हुए कुल मतदाता; लिस्ट में ऐसे चेक करें अपना नाम

Barmer and Balotra Voter List 2026: बाड़मेर जिले में प्रारूप मतदाता सूची में कुल 11,55,502 मतदाताओं में 2.657 प्रतिशत वृद्धि के उपरांत कुल मतदाताओं की संख्या 11,86,205 है, जिनमें पुरुष 6,31,315 और महिला 5,54,887 तथा ट्रांसजेंडर तीन हैं।

भारत निर्वाचन आयोग की ओर से राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए कार्यक्रम घोषित किया गया था। 16 दिसंबर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया था। इसमें बाड़मेर जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 11,55,502 थी। 19 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त किए गए। इस प्रक्रिया के बाद शनिवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया।

यह सूचियां जिला निर्वाचन अधिकारी और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की बेवसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध है। कोई भी मतदाता इस सूची में अपना नाम ऑनलाइन ईपिक सर्च के माध्यम से देख सकता है। इस बाबत भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी प्रदान की गई।

प्रक्रिया सतत जारी

मतदाता सूची में नाम जुड़वाना, हटाना और प्रविष्टियों में संशोधन एक अनवरत प्रक्रिया जो सतत जारी है। ऑनलाइन अथवा संबंधित बीएलओ से संपर्क कर नाम जुड़वाया या हटवाया जा सकता है।

अपील का अवसर

मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि के संबंध में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के निर्णय के विरूद्ध अपील प्रथम अपील जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष अन्तिम प्रकाशन तिथि से 15 दिवस में तथा जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय से संतुष्ट नहीं होने की स्थिति में द्वितीय अपील मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान को जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय के 30 दिवस के भीतर प्रस्तुत कर सकते हैं।

राजनीतिक दलों की हुई बैठक

इस संबंध में राजनीतिक दलों की बैठक हुई। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर टीना डाबी, अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेन्द्र सिंह चांदावत, भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री देवीलाल कुमावत, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के जिला संगठन महामंत्री मेवाराम सोनी और जिला अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा, बहुजन समाजवादी पार्टी के हरखाराम मेघवाल सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बालोतरा जिले में कुल मतदाता 7,82,865

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत बालोतरा जिले की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में इसकी विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आयोग ने 27 अक्टूबर 2025 को पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित किया था। इसके तहत 4 नवंबर से 11 दिसंबर 2025 तक गणना चरण पूरा कर 16 दिसंबर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी, जिसमें जिले में कुल 7,82,865 मतदाता दर्ज थे। आयोग के निर्देशानुसार 16 दिसंबर 2025 से 19 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की गईं।

इस दौरान जिले में 21,387 फॉर्म-6/6ए, 2,682 फॉर्म-7 तथा फॉर्म-8 प्राप्त हुए। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की ओर से प्राप्त आवेदनों की सूची फॉर्म-9, 10, 11, 11ए एवं 11बी में तैयार कर कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर प्रत्येक कार्य दिवस प्रदर्शित की गई। साथ ही इन सूचियों को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से साझा करने के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराया गया।

उन्होंने बताया कि सभी दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद शनिवार को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई। इसके अनुसार प्रारूप सूची में 7,65,222 मतदाताओं की तुलना में 2.31 प्रतिशत वृद्धि के बाद जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 7,82,865 हो गई है। इनमें 4,15,073 पुरुष, 3,67,790 महिला तथा 2 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सभी विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची-2026 की प्रति निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ना, हटाना एवं संशोधन की प्रक्रिया सतत जारी रहती है, जिसके लिए फॉर्म-6, 7 एवं 8 भरे जा सकते हैं। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

फैक्ट फाइल : विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 बालोतरा

7,82,865 : कुल मतदाता संख्या (अंतिम सूची)

7,65,222 : प्रारूप सूची में मतदाता संख्या

21,387 : प्राप्त फॉर्म-6/6A नाम जोड़ने के लिए

2,682 : प्राप्त फॉर्म-7 नाम हटाने के लिए

4,15,073 : पुरुष मतदाता

3,67,790 : महिला मतदाता

02 : ट्रांसजेंडर मतदाता

2.31 : प्रतिशत वृद्धि