बारात में जा रही कार बेकाबू होकर नहर में गिरी, दूल्हे के दो दोस्तों की मौत, 2 अभी भी लापता, एक को बचाया

सादुलपुर। दोस्त की शादी में खुशियां मनाने निकले युवकों की बारात पलभर में मातम में बदल गई, जब तेज रफ्तार कार अजीतपुरा के पास रसलाना नहर में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, दो अब भी लापता हैं, जबकि एक युवक को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार कानावासी निवासी विजय कुमार गोस्वामी के पुत्र कुलदीप की 20 फरवरी 2026 को शादी थी। बारात कानावासी से सागड़ा (भिरानी, हनुमानगढ़) जा रही थी। बारात में शामिल होने के लिए कुलदीप के दोस्त कार में सवार होकर निकले थे। अजीतपुरा पुल पार करते समय चालक की तेज गति और लापरवाही के कारण बोलेरो बेकाबू होकर रसलाना वितरिका नहर में गिर गई।

राहत-बचाव कार्य शुरू

गाड़ी में पांच युवक सवार थे। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए अनुराग (19) पुत्र मुकेश निवासी कानावासी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। क्रेन की मदद से बोलेरो को नहर से बाहर निकाला गया, जिसमें आशीष कुमार (24) पुत्र मुकेश कुमार का शव मिला। वहीं शनिवार सुबह से गोताखोरों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अमित (24) पुत्र भीमाराम का शव भी बरामद कर लिया गया।

लगातार चल रहा सर्च ऑपरेशन

भिरानी थाना प्रभारी लखवीर सिंह ने बताया कि हादसे में बेजवा निवासी मुकेश पुत्र नेतराम और आशीष पुत्र रघुवीर अभी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। गोताखोर सतपाल के अनुसार टीम ने घटनास्थल से करीब 5 किलोमीटर क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक आशीष का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है, जबकि बाकी लापता युवकों की तलाश जारी है। इस हादसे ने कानावासी और आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ा दी है।