Road Project: नेशनल हाईवे 325 बायपास से जल्द मिलेगी खुशखबरी, 31 मीटर ऊंचाई के 4 नए टॉवर लगे, गाड़ियों को मिलेगी रफ्तार

जालोर। जालोर में नेशनल हाईवे 325 बायपास पर जल्द ही यातायात शुरू हो पाएगा। अब तक आर्च ब्रिज के अधूरे कार्य और मार्ग के बीच व किनारे पर खड़े हाईटेंशन लाइन के खंभों से दिक्कत आ रही थी। लंबी कवायद के बाद अनुमति जारी होने पर अब यह कार्य प्रगति पर है।

16 तारीख तक बायपास हिस्से में सभी चार टॉवर शिफ्टिंग के बाद विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। सुरक्षा के मानक पूरे होने के साथ इस मार्ग पर आवाजाही भी जल्द ही शुरू हो जाएगी। गौरतलब है कि आर्च ब्रिज को पिलर पर स्थापित करने के बाद अब दोनों हिस्सों को जोड़ने का काम भी चल रहा है, जिसे आगामी दो सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा।

इन टॉवर की शिफ्टिंग

बायपास रोड के हिस्से में 220 केवी हाईटेंशन लाइन के टॉवर नंबर 97, 99, 100 व 101 पर तारों की ऊंचाई बढ़ाने और शिफ्टिंग का कार्य होना था। इनमें 97, 99 व 100 से जालोर-सायला 220 केवी विद्युत सप्लाई होती है, जबकि 101 से जालोर-बालोतरा 220 केवी जीएसएस की सप्लाई होती है।

राजस्थान विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड की ओर से चार नए टॉवर लगाए गए और दो हटाए गए। दिसंबर माह में टॉवर नंबर 99, 100 और 101 लगाए गए। अब अंतिम स्तर पर केवल टॉवर नंबर 97 बकाया है, जिसे हटाने के साथ शिफ्टिंग का कार्य चल रहा है।

31 मीटर तक टॉवर की ऊंचाई

राजस्थान विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के अधिकारियों के अनुसार भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के मानक के अनुसार नेशनल हाईवे के दायरे या क्रॉस एरिया में हाईटेंशन लाइन की ऊंचाई 15.5 मीटर होनी चाहिए। मानकों की पालना में नए टॉवर 31 मीटर ऊंचाई के लगाए गए हैं, जिनमें सड़क के लेवल से तारों की ऊंचाई 21 मीटर रहेगी।

पॉवर कट की दिक्कत नहीं

पिछले करीब एक सप्ताह से हाईटेंशन लाइन शिफ्टिंग का कार्य चल रहा है, लेकिन इसके बावजूद जालोर शहरी क्षेत्र में बिजली संकट की स्थिति नहीं बनी। वैकल्पिक तौर पर जालोर को 200 मेगावाट बारलावास-मायलावास सोलर एनर्जी प्लांट से रोजाना दिन में बिजली मिल रही है। यह शटडाउन शाम 6 बजे तक रहता है, जिसके बाद वैकल्पिक स्रोतों से भी आपूर्ति फिर से शुरू हो जाती है।

अप्रेल में शुरू होगा ट्रैफिक

जालोर का यह बायपास रोड 15 किलोमीटर लंबा है। सांकरना से लेकर बिशनगढ़ रोड स्थित श्रीराम ग्रेनाइट इकाई तक मार्ग पर अंतिम स्तरीय कार्य 30 मई तक पूरा किया जाना है। विभाग का दावा है कि मार्ग पर सभी महत्वपूर्ण कार्य पूरे हो चुके हैं। ऐसे में अप्रेल माह में मार्ग पर यातायात बहाल होने की संभावना है। मार्ग पूरी तरह तैयार होने पर जालोर शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।

इन्होंने कहा

नेशनल हाईवे बायपास रोड पर टॉवर शिफ्टिंग और नए टॉवर लगाने का कार्य चल रहा है। 16 तारीख तक यह कार्य पूरा हो जाएगा। रोड क्रॉस एरिया पर तारों की ऊंचाई 21 मीटर रहेगी।

सुनील पांडे, जेईएन, राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम