Jaipur Murder: पत्नी ने ससुराल जाने से किया मना तो गुस्साए पति ने 8 महीने की बेटी का कैंची से गला काटकर की हत्या, खुद करने लगा सुसाइड

Father Killed 8 Month Daughter: राजधानी जयपुर के सांगानेर स्थित मालपुरा गेट इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्नी के ससुराल जाने से मना करने पर गुस्से में आए पति ने अपनी ही 8 माह की मासूम बेटी की हत्या कर दी और बाद में खुद भी आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी को गुरुवार रात गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी शादाब की पत्नी रुखसार बानो ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि करीब 7-8 दिन पहले रुखसार के पिता उसे और उसकी 8 महीने की बेटी शहनाज को मायके ले आए थे। 6 फरवरी की सुबह शादाब ने पत्नी से ससुराल चलने के लिए कहा। इस पर रुखसार ने कुछ दिन बाद जाने की बात कही, जिससे दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद

विवाद इतना बढ़ गया कि शादाब ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए रुखसार के भाई सोहिल के सिर पर उसने केतली से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसी दौरान शादाब ने सोहिल की गोद से अपनी बेटी शहनाज को छीन लिया।

बताया जा रहा है कि वह बच्ची को कमरे में ले गया और कैंची से उसका गला काट दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद शादाब ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश भी की, लेकिन समय रहते उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।