अजमेर में PWD कैंपस में शराब-नॉनवेज पार्टी, सरकारी दफ्तर में जाम छलकाने का वीडियो वायरल

अजमेर। सार्वजनिक निर्माण विभाग के कैंपस में शराब और नॉनवेज पार्टी का मामला सामने आया है। शराब पार्टी का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में विभागीय अधिकारियों के ड्राइवर रात में कार्यालय परिसर में पार्टी करते नजर आ रहे हैं। मामला शुक्रवार रात का बताया जा रहा है।

वायरल हुए तीन वीडियो में सिविल लाइंस स्थित सार्वजनिक निर्माण विभाग के कार्यालय परिसर के भीतर कुछ लोग शराब और नॉनवेज पार्टी करते नजर आ रहे हैं। प्रारंभिक पड़ताल में पार्टी में शामिल लोग विभागीय अधिकारियों की गाड़ियों के चालक बताए जा रहे हैं। वाहन चालकों की शराब पार्टी के दौरान ही दो बाइक सवार वीडियो बनाते हुए शराब पार्टी में पहुंच गए। जिसके बाद वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

बैनर की ओट में छलकाए जाम

प्रारंभिक पड़ताल में आया कि पीडब्ल्यूडी के वाहन चालकों की शराब पार्टी पार्किंग एरिया में राज्य व केन्द्र सरकार के लगे एक बैनर की ओट में चल रह थी। वीडियो बनाने वाला युवक अपने परिचित चालक से बात करने गया तो वहां मौजूद अन्य चालकों ने उसके अन्दर आने पर सवाल कर डाला। हालांकि युवक वीडियो बनाने के बाद लौट गया।

वीडियो की होगी जांच

सरकारी कार्यालय परिसर में अवैध गतिविधियां नियमों के उल्लंघन की श्रेणी में आती हैं। वीडियो सामने आने के बाद विभागीय अधिकारियों में खलबली मच गई। विभागीय अधिकारी का कहना है कि वीडियो उनके कार्यालय परिसर का है। इसकी जांच करवाई जाएगी। पुष्टि होने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इनका कहना है…

वायरल वीडियो सार्वजनिक निर्माण विभाग के कैम्पस का ही है। इसकी सोमवार को जांच करवाई जाएगी। सही साबित होने पर दोषियों पर नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

अशोक तंवर, एईएन, पीडब्ल्यूडी-अजमेर