Rajasthan: नरेश मीणा पर हमला, लाठियों से कार में तोड़फोड़, शराब कारोबारी की गाड़ी को लगाई आग

बारां। निकटवर्ती आकड़ी गांव में शनिवार शाम युवा नेता नरेश मीणा की कार पर कुछ लोगों ने लाठियों से हमला कर तोड़फोड़ कर दी। वहीं इसके कुछ देर बाद आकेड़ी निवासी शराब कारोबारी तोलाराम की कार में आग लगा दी गई। घटना के बाद नरेश मीणा अपने समर्थकों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष धरने पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।

नरेश मीणा ने बताया कि वह शाम को आकेड़ी गांव में एक परिचित के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने जा रहे थे। वहां से लौटते समय कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी कार पर लाठियों से हमला कर दिया। उस समय वह स्वयं कार में सवार थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि वह मृतक के घर अकेले गए थे और लौटते समय जब तोलाराम के घर के सामने से गुजर रहे थे, तब तोलाराम मीणा और उसके साथ मौजूद लोगों ने उनकी कार पर हमला किया। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और मौके पर पुलिस के पहुंचने का इंतजार कर रहे थे।

इस दौरान कुछ लोगों ने उनके सामने तोलाराम मीणा की गाड़ी में आग लगा दी, ताकि उन पर झूठा आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया जा सके। जली हुई कार शराब कारोबारी व पूर्व कांग्रेस सरपंच तोलाराम मीणा की बताई गई। नरेश मीणा ने मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियार जब्त करने की मांग की है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।