जोधपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजन बोले- बेटी को जहर खिलाकर मार डाला, ससुराल वाले मांग रहे थे कार

जोधपुर। महामंदिर थानान्तर्गत पावटा सी रोड पर बीजेएस कॉलोनी में संदिग्ध हालात में बीमार होने के बाद एक महिला की मृत्यु हो गई। परिजन ने दहेज के लिए ससुराल पक्ष पर जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए एफआइआर दर्ज कराई। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठे हैं। उधर, पुलिस ने पति को हिरासत में लिया है।

अस्पताल में हुई मौत

पुलिस के अनुसार मूलत: पाली जिले में पिलोवनी हाल पावटा सी रोड निवासी खुशबू पत्नी हर्षितसिंह राजपुरोहित को संदिग्ध हालात में गत 22 अक्टूबर को मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ससुराल पक्ष का कहना था कि उसकी तबीयत खराब हो गई। वहीं, पाली जिले में रोहट थानान्तर्गत धरमधारी गांव निवासी पीहर पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे तो ससुराल पक्ष पर जहर देने का आरोप लगाया। दो दिन इलाज के दौरान शुक्रवार को खुशबू की मृत्यु हो गई। शव मोर्चरी में रखवाया गया। खुशबू की हत्या का आरोप लगाते हुए परिजन ने रोष व्यक्त किया।

उधर, राजपुरोहित समाज के लोग भी मोर्चरी पहुंच गए और कार्रवाई की मांग करने लगे। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक पोस्टमार्टम न कराने पर अड़ गए। मोर्चरी के बाहर धरना दे दिया। आइपीएस अधिकारी व सहायक पुलिस आयुक्त पूर्व प्रतीक सिंह, थानाधिकारी देवेन्द्रसिंह मोर्चरी पहुंचे। परिजन से वार्ता की गई। उन्हें मृतका के पति हर्षित सिंह को हिरासत में लेने की जानकारी दी, लेकिन परिजन सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पति जयपुर में सोलर कम्पनी में कार्यरत है।

कार लेकर आने का दबाव डालने का आरोप

पाली जिले में धरमधारी निवासी मृतका के भाई इन्द्रजीतसिंह राजपुरोहित ने बहन के पति हर्षित सिंह, ससुर चन्द्रसिंह उर्फ चन्दनसिंह, सास मंजू देवी, जेठ अंकित सिंह व ननद साक्षी के खिलाफ दहेज के लिए तंग व प्रताड़ित, मारपीट करने और जहरीला पदार्थ खिलाकर जान से मारने का प्रयास करने की महिला थाना पूर्व में एफआइआर दर्ज कराई थी।

खुशबू की मृत्यु के बाद इसमें दहेज हत्या के संबंध में बीएनएस की धारा 80 (2) जोड़ी गई है। उसका आरोप है कि 2 मई 2022 को बहन की शादी हर्षित से की गई थी। पिता ने हैसियत से अधिक दहेज दिया था, लेकिन शादी के बाद से ही खुशबू को दहेज-कार के लिए तंग व प्रताड़ित किया जाने लगा था। जयपुर से आने पर पति भी मारपीट करता था।

यह वीडियो भी देखें

गत 20 जून को बहन पीहर आई तब उसने भाई व मां को प्रताड़ना के बारे में अवगत कराया था। सामाजिक स्तर पर वार्ता के बाद ससुर वालों ने दुबारा शिकायत न मिलने का भरोसा दिलाया था। तब खुशबू को गत 20 अक्टूबर को ससुराल भेजा था, लेकिन दूसरे ही दिन उसने भाई को फोन कर जान से मारने की आशंका जताई थी। भाई ने दूसरे दिन लेने आने की बात कही थी। दूसरे दिन दोपहर में ससुर ने खुशबू की तबीयत खराब होने व अस्पताल ले जाने की सूचना दी। जबकि उसे सुबह आठ बजे ही अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था। आरोप है कि पीहर वालों ने जहर दिया था।