अलवर। अलवर-बहरोड़ फोरलेन मार्ग निर्माण पर करीब 400 करोड़ की लागत आएगी। इस मार्ग पर दोपहिया वाहन चालकों के लिए अलग से लेन तैयार होगी, ताकि चाेपहिया वाहनों की रफ्तार इनके कारण कम न हो। राजस्थान राज्य सड़क परिवहन निगम (आरएसआरडीसी) की ओर से कराए गए सर्वे में यह तथ्य सामने आए हैं।
सर्वे का कार्य दिसंबर तक पूरा होना है, लेकिन विभाग का कहना है कि यह 15 दिन में ही पूरा हो जाएगा। उसके बाद वित्तीय स्वीकृति सरकार से लेनी है और फिर टेंडर होगा। नए साल में निर्माण शुरू करने की योजना है।
प्रदेश सरकार ने बजट घोषणा में अलवर-बहरोड़ मार्ग फोरलेन करने का प्रस्ताव पास किया था। इसके लिए ढाई करोड़ रुपए डीपीआर तैयार करने के लिए मंजूर किए गए थे। इस समय सर्वे अंतिम चरण में है।
वर्तमान में मार्ग की स्थिति दयनीय
वर्तमान में मार्ग की स्थिति दयनीय है। 74 किमी की दूरी तय करने में करीब 120 मिनट लग रहे हैं। गड्ढों के कारण हादसे भी हो रहे हैं। इसके चलते सर्वे करवाया गया है। हालांकि सरकार ने गड्ढों के पैचवर्क के लिए डेढ़ करोड़ रुपए की स्वीकृति दे दी है।
अलवर से बहरोड़ पहुचने में लगेंगे मात्र 50 मिनट
फोरलेन बनने के बाद अलवर-बहरोड़ की दूरी 50 मिनट में तय होगी। यह दिल्ली-जयपुर मार्ग से भी जुडेगा। ऐसे में राष्ट्रीय राजमार्ग से कनेक्टिविटी हो जाएगी।
फोरलेन के लिए 100 फीट जमीन
इंजीनियरों का कहना है कि स्टेट हाईवे के पास अपनी 100 फीट जमीन है। ऐसे में फोरलेन के लिए और जमीन लेने की जरूरत नहीं होगी। अतिक्रमण इस जमीन पर जहां-जहां मिलेगा, उसे हटाया जाएगा।
15 दिन में पूरा हो जाएगा सर्वे का काम
अलवर-बहरोड़ फोरलेन के लिए चल रहा सर्वे 15 दिन में पूरा हो जाएगा। इस मार्ग पर दोपहिया वाहन चालकों के लिए अलग से लेन बनाने की योजना है।
-सतीश कुमार, पीडी, आरएसआरडीसी