जैसलमेर में शहरी सेवा शिविर के उद्घाटन अवसर पर उस समय सभी सकते में आ गए, जब भाजपा के पूर्व पार्षद गिरधर सिंह सोढ़ा अपनी बात कहते हुए आवेश में आ गए और नगरपरिषद में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता सुशील यादव को थप्पड़ मारने की धमकी दे डाली। इस समय कार्यक्रम में जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी और अतिरिक्त कलक्टर व नगरपरिषद के प्रशासक परसराम सैनी उपस्थित थे व आयुक्त लजपालङ्क्षसह शिविर कार्यक्रम के बारे में जानकारी दे रहे थे। पूर्व पार्षद की इस हरकत से विधायक गुस्से में आ गए और उन्हें कड़ी फटकार लगाते हुए हॉल से बाहर जाने के लिए कह दिया। अतिरिक्त कलक्टर ने भी कहा कि आप ऐसे किसी कार्मिक को कैसे थप्पड़ मार सकते हैं? जानकारी के अनुसार पूर्व पार्षद में प्रधानमंत्री आवास योजना की बकाया किश्तों को लेकर नाराजगी थी। आयुक्त ने जवाब दिया कि गत दिनों बजट आते ही 50 से ज्यादा लोगों को किश्त का भुगतान कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व पार्षद की ओर से किए गए दुव्र्यवहार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कुछ देर तक चले इस ड्रामे के बाहर लोगों ने समझा-बुझा कर गिरधरङ्क्षसह को वहां से रवाना किया।
कई विभागों ने लगाई स्टॉल्स
वहीं बुधवार को नगरपरिषद सभाकक्ष में शहरी सेवा शिविर के उद्घाटन अवसर पर वार्ड नं. 19 व 20 क्षेत्र के लिए शिविर में परिषद के साथ ही डिस्कॉम, जलदाय विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, आयुर्वेद विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग आदि महकमों ने काउंटर लगाए। इन काउंटरों पर जरूरतमंद लोग अपने काम से संबंधित प्रार्थना पत्र लेकर पहुंचे। कुछ मामलों में हाथोहाथ कार्यवाही कर उन्हें राहत दी गई, वहीं अन्य में आवेदन स्वीकार कर अग्रिम कार्यवाही के लिए जमा किए गए। सामाजिक न्याय विभाग के कार्मिक लीलाधर दैया ने बताया कि शिविर में वृद्धावस्था पेंशन सहित अन्य समाजोपयोगी योजनाओं के आवेदन लिए जा रहे हैं। चिकित्सा विभाग के डॉ. शिवेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि जिन लोगों की आभा आइडी नहीं बनी है, वह तैयार करने का काम किया जा रहा है। साथ ही ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर की जांच भी की जाती है। आयुर्वेद विभाग के प्रतिनिधि डॉ. लक्ष्मणसिंह ने बताया कि लोगों को आयुर्वेद पद्धति से उपचार के लाभों की जानकारी देने के साथ उपचार भी मुहैया करवाया जा रहा है।
पहले दिन 60-70 पट्टे जारी करेंगे : आयुक्त
शिविर के आगाज अवसर पर पत्रिका के साथ बातचीत में आयुक्त लजपालसिंह सोढ़ा ने बताया कि पहले दिन 60 से 70 पट्टों का वितरण किया जाएगा। इनमें 69ए, लीज डीड और कच्ची बस्ती के पट्टे शामिल हैं। खांचा भूमि आवंटन संबंधी आवेदनों पर भी कार्यवाही की जा रही है। इसके अलावा वार्डवार शिविरों के अवसर पर साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में सुधार लाया जाएगा। साथ ही महत्वाकांक्षी पीएम आवास, पीएम व सीएम स्वनिधि योजना में नए लाभार्थियों को जोड़ा जाएगा। पीएम आवास के 50 से ज्यादा किश्तों का भुगतान किया गया है। आयुक्त ने बताया कि शिविर में नगरपरिषद का पूरा स्टाफ लगा हुआ है ताकि लोगों के कार्य अविलम्ब करवाए जा सकें। इसके अलावा सानिवि, जलदाय, विद्युत, समाज कल्याण, चिकित्सा महकमों के प्रतिनिधि आमजन के कार्यों का निस्तारण कर रहे हैं।